अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : अमेरिका के डलास में शुक्रवार रात एक दुखद घटना सामने आई। हैदराबाद के 27 वर्षीय छात्र चंद्रशेखर पोल को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना उस समय हुई जब चंद्रशेखर एक गैस स्टेशन पर काम कर रहे थे।
छात्र का शैक्षिक और पेशेवर परिचय
चंद्रशेखर ने हैदराबाद से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद 2023 में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए। उन्होंने छह महीने में मास्टर्स की डिग्री पूरी की और नौकरी की तलाश में थे। खर्च चलाने के लिए उन्होंने गैस स्टेशन पर पार्ट-टाइम काम किया। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनकी हत्या कर दी।
परिवार की प्रतिक्रिया और सरकार से गुहार
हत्या की खबर मिलते ही हैदराबाद स्थित उनके घर में मातम छा गया। परिवार ने भारत सरकार और तेलंगाना सरकार से अपील की कि चंद्रशेखर का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत वापस लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
बीआरएस नेताओं की शोक संवेदनाएँ
घटना की जानकारी मिलते ही बीआरएस विधायक सुधीर रेड्डी और पूर्व मंत्री टी हरीश राव शनिवार को शोक संतप्त परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। हरीश राव ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और सोशल मीडिया पर लिखा कि जिस बेटे ने ऊंचाइयों तक पहुँचने का सपना देखा था, उसकी असमय मौत किसी भी परिवार के लिए अपार दुख है।
तेलंगाना सरकार का आश्वासन
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी छात्र की मौत पर शोक जताया और परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सरकार ने चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर को जल्दी भारत लाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : अमित शाह का बस्तर दौरा और नक्सलियों को चेतावनी

