अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : नमो भारत में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए एनसीआरटीसी ने नई सुविधा शुरू की है। अब नियमित यात्री एक साथ कई यात्राओं के लिए ‘ट्रिप पास’ खरीद सकेंगे। इससे हर बार टिकट लेने या एनसीएमसी कार्ड में बार-बार पैसे डालने की जरूरत कम होगी। खासकर उन यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा, जो रोजाना एक ही स्टेशन से दूसरे तय स्टेशन के बीच आना-जाना करते हैं।
एनसीआरटीसी के मुताबिक, नमो भारत में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की है, जिनका रोज का सफर लगभग एक ही रूट पर होता है। ऐसे यात्रियों के लिए अब उनकी जरूरत के हिसाब से एक से 40 यात्राओं तक का ट्रिप पास उपलब्ध कराया गया है। यात्री इस पास को अपने एनसीएमसी कार्ड में जुड़वा सकते हैं। इसके बाद तय शुरुआती स्टेशन से तय गंतव्य स्टेशन तक यात्रा करने पर पास में से एक यात्रा अपने आप कम हो जाएगी।
15 से 90 दिन तक की वैधता, 40 यात्राओं तक का विकल्प
ट्रिप पास अलग-अलग यात्राओं और वैधता अवधि के हिसाब से उपलब्ध होगा। एक यात्रा वाला पास 15 दिन तक मान्य रहेगा। दो यात्राओं वाले पास की वैधता 30 दिन होगी। इसी तरह पांच और 10 यात्राओं वाले पास 30 दिन तक इस्तेमाल किए जा सकेंगे। 15 और 20 यात्राओं वाले पास की वैधता 60 दिन होगी, जबकि 40 यात्राओं वाला पास 90 दिन तक मान्य रहेगा।
खास बात यह है कि एक दिन में भी यात्री पास का कई बार इस्तेमाल कर सकता है, लेकिन हर यात्रा उसी शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच होनी चाहिए, जिसके लिए पास खरीदा गया है। यानी पास किसी खास रूट के लिए होगा और उसका इस्तेमाल मनमाने तरीके से दूसरे स्टेशन तक जाने के लिए नहीं किया जा सकेगा। एनसीआरटीसी ने पास वापस करने के नियम भी तय किए हैं। 15, 20 और 40 यात्राओं वाले पास को वापस करने पर 200 रुपये प्रशासनिक शुल्क काटा जाएगा। वहीं एक, दो, पांच और 10 यात्राओं वाले पास वापस नहीं किए जा सकेंगे।
तय स्टेशन से आगे गए तो कार्ड से कटेगा किराया
ट्रिप पास केवल उसी रूट पर मान्य होगा, जिसके लिए यात्री ने इसे खरीदा है। अगर यात्री किसी दूसरे स्टेशन पर उतरता है या तय गंतव्य से आगे चला जाता है, तो उस यात्रा का किराया ट्रिप पास से नहीं कटेगा। ऐसे सफर का सामान्य किराया एनसीएमसी कार्ड में मौजूद राशि से लिया जाएगा। मान लीजिए किसी यात्री ने सराय काले खां से बेगमपुल तक का ट्रिप पास लिया है। अगर वह बीच के किसी स्टेशन पर उतरता है, तो उस यात्रा को पास की यात्रा नहीं माना जाएगा। उसका किराया कार्ड के सामान्य खाते से काटा जाएगा। इसी तरह अगर यात्री बेगमपुल से आगे किसी स्टेशन तक जाता है, तो अतिरिक्त दूरी का किराया भी कार्ड खाते से लिया जाएगा। इसलिए यात्रियों को कार्ड में पर्याप्त राशि रखना जरूरी होगा।
यात्री अपनी जरूरत के अनुसार स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों श्रेणियों में ट्रिप पास ले सकेंगे। इसमें एक, दो, पांच, 10, 15, 20 और 40 यात्राओं के विकल्प मिलेंगे। पास नमो भारत स्टेशनों पर एएफसी गेट के पास बने काउंटर से खरीदा जा सकेगा। टिकट वेंडिंग मशीन के जरिए भी यात्री इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।
पहले से तय कर सकेंगे सफर का खर्च
एनसीएमसी कार्ड के खाते में अधिकतम 2,000 रुपये तक राशि रखी जा सकती है। लंबे रूट पर रोजाना यात्रा करने वालों को इस वजह से बार-बार कार्ड में पैसे डालने की जरूरत पड़ सकती है। ट्रिप पास के जरिए यात्री कई यात्राओं का भुगतान पहले ही कर सकेंगे, जिससे रोज के सफर का खर्च भी पहले से तय रहेगा। आगे की यात्राओं के लिए ट्रिप पास में टॉप अप की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा एनसीएमसी कार्ड से नमो भारत में यात्रा करने वाले यात्रियों को हर यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट मिलती है। कार्ड से खर्च किए गए प्रत्येक एक रुपये पर एक लॉयल्टी अंक भी मिलता है। 300 लॉयल्टी अंक जमा होने पर यात्री इन्हें एक मुफ्त यात्रा के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।



