अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur : पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान पर धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों की खुली लूट को अंजाम दिया। भरी दोपहरी हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके के सर्राफा कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, हथियारबंद बदमाशों ने दुकान में घुसकर दुकानदार पंकज वर्मा को अपने कब्जे में लिया और देखते ही देखते तिजोरी और शोकेस में रखे कीमती गहने समेटकर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी दुकान के बाहर जमा हो गए।
कारोबारियों में भारी गुस्सा, संगठन ने लिया कड़ा संज्ञान
दिन के उजाले में हुई इस दुस्साहसिक लूट के बाद से आभूषण कारोबारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) झारखंड प्रदेश ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने पीड़ित दुकानदार से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और ढांढस बंधाया। इस दौरान मनोज कुमार वर्मा, आकाश वर्मा, आरकेएसएम से उमेश प्रसाद और स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष सुरेश प्रसाद सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
एसपी से मिलकर सुरक्षा और लुटेरों की गिरफ्तारी की मांग करेगा प्रतिनिधिमंडल
संगठन के पदाधिकारियों ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े इस तरह की लूट होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों के भीतर काम करने को लेकर भारी असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील पोद्दार ने बताया कि इस गंभीर मुद्दे को लेकर पाकुड़ में व्यवसायियों की एक आपात बैठक बुलाई गई है। बैठक में आगे की रणनीति तय करने के बाद समाज का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल सीधे पाकुड़ एसपी से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से विशेष टीम गठित कर लुटेरों की तुरंत गिरफ्तारी, लूटे गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी और बाजारों में सशस्त्र पुलिस बल तैनात करने की मांग करेगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, नाकेबंदी कर तलाश तेज
इधर दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस दुकान और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों के हुलिए और भागने की दिशा का सुराग मिल सके। जिले की सीमा पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। वहीं स्वर्णकार समाज ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया, तो व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
इसे भी पढ़ें : हेलमेट-रेनकोट पहनकर पहुंचे बदमाश, बंदूक के दम पर लूट लिया ज्वेलरी शॉप

