अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan, Bhurkunda) : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही गंदगी और अव्यवस्था की समस्या अब जल्द खत्म होने की उम्मीद जगी है। बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी की जन-सरोकारी पहल पर सब्जी मंडी और सार्वजनिक शौचालय की साफ-सफाई को लेकर ठोस कदम उठाए गए हैं।
सीसीएल इंजीनियरों ने किया स्थल निरीक्षण
विधायक की अनुशंसा पर सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र के महाप्रबंधक अजय कुमार सिंह ने त्वरित संज्ञान लेते हुए विभागीय इंजीनियरों की एक टीम को निरीक्षण के निर्देश दिए। बुधवार को इंजीनियरों की टीम ने भुरकुंडा बाजार, सब्जी मंडी और सार्वजनिक शौचालय का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
गंदगी और जलजमाव से लोग थे परेशान
स्थानीय लोगों के अनुसार सब्जी मंडी में लंबे समय से गंदगी और जलजमाव की समस्या बनी हुई थी। वहीं सार्वजनिक शौचालय की हालत इतनी खराब थी कि दुकानदारों और दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस गंभीर समस्या को देखते हुए विधायक रोशन लाल चौधरी ने सीसीएल प्रबंधन से जल्द कार्रवाई की मांग की थी।
जल्द बनेगी सफाई और मरम्मत की योजना
निरीक्षण के दौरान इंजीनियरों ने सफाई व्यवस्था सुधारने और शौचालय की मरम्मत को लेकर प्रारंभिक आकलन किया। विभागीय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि विधायक की मंशा के अनुरूप जल्द ही सफाई और जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे बाजार आने वाले लोगों को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
इस पहल से स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों में संतोष देखने को मिला। लोगों ने विधायक रोशन लाल चौधरी और सीसीएल जीएम अजय कुमार सिंह का आभार जताते हुए कहा कि विधायक की सक्रियता से क्षेत्र की पुरानी समस्याओं का समाधान हो रहा है।
ये लोग रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अशोक सोनी, सांसद प्रतिनिधि राकेश सिन्हा, ऋषि कुमार, सीसीएल के एसओसी सिविल अभिरूप और संदीप लकड़ा उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : संगीत में सीमा, सुरक्षा में चौकसी… थानेदार की सख्त हिदायत

