अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जन्म जयंती को पूरे देश में “समरसता संकल्प अभियान” के रूप में मनाएगी। इसकी शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा से होगी और अभियान 20 फरवरी 2027 यानी संत रविदास जयंती तक चलेगा। झारखंड में भी इस दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। अर्जुन मुंडा ने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास है। भाजपा चाहती है कि लोग संत रविदास के जीवन, उनके विचारों और उनके आदर्शों को जानें तथा उन्हें अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि संत रविदास पूरी मानवता के पथप्रदर्शक हैं और उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने की ताकत रखते हैं।
दीप महोत्सव, कलश वंदन और समरसता यात्रा होगी
मुंडा ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या पर देशभर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर “समरसता का दीप” जलाया जाएगा। इसी दिन संत रविदास की जन्मस्थली वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से “कलश वंदन अभियान” भी शुरू होगा। वहां की पवित्र मिट्टी को देश के सभी राज्यों और मंडल स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर से वाराणसी तक “समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। इसके अलावा अभियान के दौरान कई अन्य कार्यक्रम भी होंगे, जिनकी जानकारी समय-समय पर दी जाएगी।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस अभियान की रूपरेखा भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने तैयार की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अभियान को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। उनका कहना था कि संत रविदास जैसे महापुरुषों के विचारों को आत्मसात कर देश नए भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि संत रविदास का प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को मन की पवित्रता, समानता और मानवता का पाठ पढ़ाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे महान संत के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर समरस समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण का माहौल तैयार करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास का “बेगमपुरा” ऐसा समाज है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, दुख या अन्याय नहीं हो। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए भाजपा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास करेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, प्रकाश सिंह और मीडिया सह प्रभारी अजय राय भी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : भाजपा ने संगठन में फूंकी नई जान… बाबूलाल मरांडी से अर्जुन मुंडा तक को बड़ी जिम्मेदारी

