अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड की सभी जेलों में इस बार छठ महापर्व की विशेष रौनक देखने को मिल रही है। भले ही कैदी दीवारों के भीतर हैं, लेकिन उनकी आस्था और श्रद्धा बाहर की दुनिया से कम नहीं। राज्यभर की जेलों में कुल 56 बंदी इस बार छठ का व्रत रख रहे हैं इनमें 25 महिलाएँ और 31 पुरुष कैदी शामिल हैं।
सबसे ज्यादा व्रती बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, रांची में हैं, जहाँ 8 पुरुष और 8 महिला कैदी छठ पूजा कर रहे हैं। कैदियों ने जेल परिसर में ही सूर्य देव और छठी मैया की पूजा-अर्चना के लिए छोटा सा घाट तैयार किया है।
कारा प्रशासन ने व्रतियों के लिए पूजा सामग्री, वस्त्र, नैवेद्य और अर्घ्य की विशेष व्यवस्था की है। छठ के दौरान प्रकाश, सुरक्षा और साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा गया है।
अन्य जेलों में भी माहौल भक्तिमय है दुमका जेल में 2 महिला व्रती, हजारीबाग में 12 कैदी, पलामू और धनबाद में 10-10 कैदी, चतरा में 2, गिरिडीह में 1 पुरुष, पाकुड़ में 1 महिला, साहिबगंज में 1 पुरुष और चास जेल में 1 महिला व्रती छठ का व्रत कर रहे हैं।
कारा अधीक्षकों के मुताबिक, धार्मिक आयोजन कैदियों में संयम और आत्मचिंतन की भावना जगाते हैं। जेलों में भक्ति और अनुशासन का ऐसा संगम दिख रहा है कि हर कोना छठी मैया की आराधना से गूंज उठा है।
Also Read : JDU का बड़ा एक्शन : 11 नेताओं को पार्टी से निकाला, किसे-किसे… जानें

