अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम सीकरी निवासी चंद्रिका साव के पुत्र राहुल साव की बड़कागांव-टंडवा रोड स्थित राजाबागी में गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह पूर्व विधायक लोकनाथ महतो का ड्राइवर था. घटना रविवार देर रात की है.
मिली जानकारी के अनुसार राहुल साव राजाबागी से अपने घर सीकरी की ओर जा रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए हुए अपराधियों ने एनटीपीसी कार्यालय के पास सुनसान जगह का लाभ उठाकर उसे गोली मार दी. राहुल साव की कनपटी के पास गोली लगी है. गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे. तब तक अपराधी वहां से फरार हो चुके थे.
ग्रामीणों ने इसकी पहचान राहुल के रूप में की है. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने उसे इलाज के लिए केरेडारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. राहुल साव पूर्व विधायक लोकनाथ महतो का ड्राइवर था. बड़कागांव पुलिस इस घटना को लेकर गहन छानबीन करने में जुट गई है.

