अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बीती रात एक डरावना मंजर देखने को मिला। लेबर रूम में अचानक आग लग गई, और चंद मिनटों में अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की चीखें, नवजात बच्चों की जान बचाने की कोशिशें और धुएं के बीच भागते दिखे मरीज।
घटना कैसे घटी?
बताया जा रहा है कि एक मरीज के परिजन ने मच्छरों से राहत पाने के लिए लेबर रूम में अगरबत्ती जलाई। मगर यह गलती भारी पड़ गई। अगरबत्ती के ठीक पास ऑक्सीजन पाइपलाइन थी, जिससे संपर्क में आते ही आग तेजी से फैल गई। ऑक्सीजन गैस ने आग को और भड़का दिया।
अस्पताल में मचा हंगामा
लेबर रूम उस समय भरा हुआ था लगभग 40 से 50 मरीज, गर्भवती महिलाएं और नवजात बच्चे मौजूद थे। जैसे ही आग की लपटें उठीं, लोग बच्चों को लेकर भागते नजर आए। अस्पताल स्टाफ और मरीजों के परिजन ने बिना घबराए तुरंत सभी को बाहर निकालने की कोशिश की। इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
आग लगते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर अनुकरण पूर्ति ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात ये रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
क्या बोले सांसद प्रतिनिधि?
घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद प्रतिनिधि रंजन चौधरी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और कहा कि परिजनों की लापरवाही से ये हादसा हुआ। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए कि आगे से ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
Also Read : मां वैष्णो देवी में लैंडस्लाइड, 30 श्रद्धालुओं की गई जान

