अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
रांची। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-33 जमशेदपुर- रांची मार्ग में तमाड़ थाना के ईचाडीह गांव के पास कोलकाता से रांची आ रही राजधानी नामक बस पलट गयी। इसमें एक महिला की मौत हो गयी। जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कोलकाता से रांची आ रही यात्रियों से भरी बस तमाड़ के ईचाडीह गांव के पास पलट गई । बताया जा रहा है कि चालक के नींद आने की वजह से अचानक डिवाइडर से टकराई और सड़क पर पलट गई। घटना की सूचना मिलते बुंडू एसडीपीओ अजय कुमार और तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल भेजा। कई यात्री बस में फंसे हुए थे। क्रेन मंगाकर उन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक महिला की मौत हुई है । लगभग 25 लोग घायल हैं। सभी को अस्पताल भेजा गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

