अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में सक्रिय एक गिरोह लंबे समय से टुकटुक चोरी कर उसकी बैट्री निकालकर कबाड़ी दुकानों में बेचता था। पुलिस की कार्रवाई ने इस गिरोह का भंडाफोड़ तो कर दिया, लेकिन सवाल यह है कि इन चोरों की वजह से गरीब चालकों पर कितना कहर टूटा होगा। टुकटुक चलाकर रोज़ी-रोटी कमाने वाले ड्राइवरों के लिए यह गाड़ी सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि उनके परिवार का पेट पालने का जरिया है। लेकिन इस गिरोह ने चालकों की रातों की नींद छीन ली थी। चोरी की घटनाओं ने उन्हें कर्ज़ और भूख के डर से दो-चार होने पर मजबूर कर दिया।
सुनसान जगह पर गाड़ी छोड़, निकाल लेते थे
गिरोह के सदस्य पहले टुकटुक चोरी करते, फिर उन्हें सुनसान जगह पर छोड़कर उसकी बैट्री निकाल लेते। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चुराई गई बैटरियां दिपाटोली स्थित कबाड़ी दुकानदार को औने-पौने दाम में बेच दी जाती थीं। यानी गरीब का खून-पसीना अपराधियों की जेब भरने का जरिया बन गया।
पांच संदेही गिरफ्तार, चोरी की गाड़ियां बरामद
रांची के सिटी एसपी अजीत कुमार ने मीडिया को बताया कि 13 सितंबर को गठित पुलिस टीम ने इस गिरोह का पर्दाफाश किया। मास्टरमाइंड इस्तियाक अंसारी के साथ उसके साथी चांद कुरैशी, मोहम्मद अहमद अंसारी, तालिब आलम और मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से चोरी हुए तीन टुकटुक, एक टैम्पू और मोबाइल फोन बरामद किए।
इसे भी पढ़ें : जंगल में घुसे जांबाजों ने हमेशा के लिए रोक दी ‘तूफान’ की रफ्तार

