अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : कोयलांचल के वासेपुर इलाका बीती देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। जेल में बंद माफिया डॉन फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली को बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने गोली मार दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मस्जिद से लौटते वक्त शुरू हुआ पीछा
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे इकबाल खान मस्जिद से इबादत कर घर लौट रहे थे। उनके साथ अंगरक्षक और ड्राइवर बबली मौजूद थे। इसी दौरान कुछ संदिग्ध लोगों के पीछा करने का शक हुआ। खतरे को भांपते हुए इकबाल खान फहीम मार्केट के अंदर सुरक्षित स्थान पर चले गए।
अली नगर के पास घात लगाकर हमला
बताया जा रहा है कि इसके बाद अंगरक्षक और ड्राइवर बबली संदिग्धों की तलाश में निकले। जैसे ही वे अली नगर के पास पहुंचे, बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने पहले बबली को टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली बबली की पीठ में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी भूली की ओर फरार हो गए।
असर्फी अस्पताल से दुर्गापुर रेफर
घायल अवस्था में स्थानीय लोगों और परिजनों ने बबली को तुरंत असर्फी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्गापुर रेफर कर दिया। फिलहाल बबली की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, गैंगवार की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस इस पूरे मामले को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है। एहतियातन इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
इलाके में दहशत, लोग सहमे
फायरिंग की इस घटना के बाद वासेपुर और आसपास के इलाकों में डर का माहौल है। देर रात लोग घरों में दुबक गए, वहीं सुबह से ही घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में सड़कों पर उतरी फोर्स, निकाय चुनाव से पहले सुरक्षा जाल तैयार



