अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के भुरकुंडा में आज का दिन एक ऐसे पल का गवाह बन गया, जहां संघर्ष के लंबे सफर के बाद उम्मीद ने दस्तक दी। दिव्यांग कृष्णा गंझू के हाथों में जब इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल की चाबी आई, तो ऐसा लगा जैसे उनकी जिंदगी ने नया मोड़ ले लिया हो। कृष्णा के लिए रोजमर्रा की जिंदगी आसान नहीं थी। दोनों पैरों से असमर्थ होने के कारण उन्हें हर छोटे काम के लिए किसी न किसी का सहारा लेना पड़ता था। घर से बाहर निकलना भी किसी चुनौती से कम नहीं था। गांव की सड़कों पर चलना, बाजार जाना या किसी से मिलना, हर काम में मुश्किलें ही मुश्किलें थीं। कई बार ऐसा भी होता था कि जरूरी काम सिर्फ इसलिए टल जाता, क्योंकि जाने का कोई साधन नहीं होता था। ऐसे में जिंदगी जैसे एक ही जगह ठहर सी गई थी।
एक मदद, जिसने बदल दी दिशा
मंगलवार को संकट मोचन मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में जब कृष्णा को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल दी गई, तो माहौल भावुक हो गया। यह सहयोग बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी की अनुशंसा पर सीसीएल बरका सयाल प्रक्षेत्र के सीएसआर फंड से मिला। भाजपा नेता योगेश दांगी ने बताया कि यह पहल सिर्फ एक वाहन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी की जिंदगी को आसान बनाने की कोशिश है।
अब अपने दम पर चलेगा सफर
ट्राइसाइकिल मिलने के बाद कृष्णा के चेहरे पर जो मुस्कान थी, वह शब्दों में बयां करना आसान नहीं। अब उन्हें हर बार किसी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे खुद बाजार जा सकेंगे, अपने काम निपटा सकेंगे और अपने फैसले खुद ले सकेंगे। मंडल अध्यक्ष सह मुखिया अजय पासवान ने बताया कि पहले कृष्णा को हर कदम पर परेशानी झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब यह ट्राइसाइकिल उनके लिए नई आजादी लेकर आई है।
खुशी का वो पल, जो सबने महसूस किया
जब कृष्णा पहली बार ट्राइसाइकिल पर बैठे, तो आसपास खड़े लोगों की आंखें भी नम हो गईं। यह सिर्फ एक साधन नहीं था, बल्कि आत्मनिर्भरता की शुरुआत थी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास किसी की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इस मौके पर सतीश मोहन मिश्रा, बिनोद सिंह, सुधीर मुखर्जी, अवधेश पासवान सहित कई लोग मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में लौहनगरी की लड़की के भरोसे का खू’न… जानें कैसे



