अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों में प्रवक्ता यानी पीजीटी बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रवक्ता के 2,607 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 17 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग की ओर से अलग-अलग विषयों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं।
हिंदी में सबसे ज्यादा 374 पद, संस्कृत के 264 और अंग्रेजी के 285 पद
इस भर्ती में सबसे ज्यादा 374 पद हिंदी विषय के हैं। इनमें लड़कों के स्कूलों में 336 और लड़कियों के स्कूलों में 38 पद हैं। अंग्रेजी विषय में कुल 285 पद हैं, जिनमें 256 पद लड़कों और 29 पद लड़कियों के स्कूलों के लिए हैं। संस्कृत में 264, भूगोल में 248, अर्थशास्त्र में 202 और रसायन विज्ञान में 185 पद हैं।

इसके अलावा भौतिक विज्ञान में 132, नागरिक शास्त्र में 132, जीव विज्ञान में 130, गणित में 112 और इतिहास में 112 पद निर्धारित किए गए हैं। चित्रकला के 69, वाणिज्य के 63, मनोविज्ञान के 50 और शिक्षा शास्त्र के 40 पद हैं। कृषि के 32, शारीरिक शिक्षा के 21, उर्दू के 13, गृह विज्ञान के 12, सैन्य विज्ञान के 12, दर्शनशास्त्र के 12 और संगीत-वाद्य के 11 पद हैं। संगीत-गायन में 6 और कृषि विज्ञान में 4 पद हैं। रंजन कला में सबसे कम 2 पद निर्धारित किए गए हैं। कुल 2,607 पदों में 2,329 पद लड़कों के स्कूलों और 278 पद लड़कियों के स्कूलों के लिए हैं।
संबंधित विषय में पीजी और बीएड जरूरी
प्रवक्ता पद के लिए शैक्षणिक योग्यता विषय के अनुसार अलग-अलग रखी गई है। अधिकांश विषयों में अभ्यर्थी के पास संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ एनसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएड की डिग्री भी जरूरी है। संबंधित डिग्री किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से होनी चाहिए।
संगीत के गायन और वाद्य वर्ग के लिए संगीत में पोस्ट ग्रेजुएशन या गायन अथवा वाद्य संगीत में विशेषज्ञता के साथ स्नातक डिग्री और बीएड की योग्यता मांगी गई है। शारीरिक शिक्षा के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री के साथ एमपीएड जरूरी है। चित्रकला के अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त कला संस्थान से ललित कला, जिसमें ड्राइंग भी शामिल है, का डिप्लोमा और बीएड होना चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की उम्र 21 से 62 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
लेवल-8 का वेतन, आवेदन के लिए देना होगा 500 से 1,500 रुपए तक शुल्क
चयनित अभ्यर्थियों को प्रवक्ता पद पर लेवल-8 के तहत वेतन मिलेगा। इस वेतनमान में ₹47,600 से ₹1,51,100 तक वेतन निर्धारित है। इसके अलावा राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी दिए जा सकते हैं। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, अनारक्षित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ₹1,500 शुल्क निर्धारित किया गया है। एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को ₹750, जबकि दिव्यांगजन यानी पीडब्ल्यूडी अभ्यर्थियों को ₹500 आवेदन शुल्क देना होगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक अधिसूचना में अपने विषय की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य शर्तों को ध्यान से देख लेना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : UPI चार्ज पर सरकार का बड़ा फैसला, ₹2,000 से ऊपर पेमेंट पर 0.4% MDR जारी रहेगा

