अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र के बस्तौली गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां घर की छत पर खेल रही तीन साल की बच्ची के सिर में अचानक गोली लग गई। राहत की बात यह रही कि समय पर इलाज मिलने से बच्ची की जान बच गई।
खेलते समय गिरी बच्ची, मच गया हड़कंप
बस्तौली गांव निवासी रमेश की तीन साल की बेटी लक्ष्मी अपने भाइयों सौभाग्य (8) और हिमांश (7) के साथ घर की छत पर बने टिन शेड के नीचे खेल रही थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी और लक्ष्मी जमीन पर गिर पड़ी। उसके सिर से खून बहता देख परिजन घबरा गए।
अस्पताल में घंटों चला ऑपरेशन
परिजन तुरंत बच्ची को नजदीकी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए ऑपरेशन किया। घंटों चले ऑपरेशन के दौरान बच्ची के सिर से गोली के छर्रे निकाले गए। फिलहाल बच्ची की हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, कई सवाल बाकी
गाजीपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली कहां से आई और किसने फायरिंग की।
आसपास के इलाकों की हो रही जांच
पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों की गहन जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं पास में किसी ने हवाई फायरिंग तो नहीं की थी। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : बेटिंग ऐप पर कसा ED का शिकंजा, इन हस्तियों की प्रॉपर्टी अटैच

