अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका आया है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने महिला एवं बाल विकास विभाग में अधीक्षक (बाल देखरेख संस्था) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत कुल 55 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर ऑनलाइन होगी।
आवेदन की अंतिम तिथि और पात्रता
इच्छुक उम्मीदवार 8 नवंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार के पास समाजकार्य (MSW), समाजशास्त्र, मनोविज्ञान या विधि (Law) में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री होना अनिवार्य है। इन विषयों में डिग्री धारक उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र होंगे।
आयु सीमा और छूट का लाभ
आवेदक की आयु 1 जनवरी 2025 तक 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ के स्थानीय उम्मीदवारों को अधिकतम 5 वर्ष की आयु छूट मिलेगी, जिससे वे 40 वर्ष तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं, SC/ST/OBC और विधवा, तलाकशुदा या परित्यक्ता महिलाओं को अतिरिक्त 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। सभी छूटों को मिलाकर अधिकतम आयु 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
आवेदन शुल्क और सुधार की सुविधा
छत्तीसगढ़ के SC/ST/OBC (गैर-क्रीमीलेयर) एवं स्थानीय दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये तय किया गया है, जबकि अन्य और बाहरी राज्य के उम्मीदवारों के लिए 400 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अलावा, सभी को पोर्टल शुल्क और जीएसटी अलग से देना होगा।
यदि आवेदन फॉर्म में कोई गलती हो जाती है, तो उम्मीदवार 9 से 11 नवंबर 2025 तक नि:शुल्क सुधार कर सकेंगे। इसके बाद 12 से 14 नवंबर तक सुधार के लिए 500 रुपये शुल्क देना होगा। ध्यान रहे, सुधार केवल एक बार ही किया जा सकेगा।
इसे भी पढ़े : बिहार विधानसभा चुनाव : NDA का सीट बंटवारा फाइनल, किसकी झोली में क्या… जानें

