अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को कोलंबो में खेले जाने वाले अहम मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ी राहत मिली है। टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस मैच में खेलेंगे।
कप्तान ने की पुष्टि
प्री मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अगर सभी चाहते हैं कि अभिषेक खेले तो उन्हें जरूर मौका दिया जाएगा। उनके इस बयान से साफ है कि टीम प्रबंधन ने अभिषेक को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला कर लिया है।
बीमारी के कारण बाहर थे अभिषेक
हाल ही में नामीबिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अभिषेक शर्मा टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे। उन्हें पेट में संक्रमण की समस्या हो गई थी, जिसके कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई और अब वह पूरी तरह फिट बताए जा रहे हैं।
टूर्नामेंट में प्रदर्शन
मौजूदा टी20 विश्व कप में अभिषेक ने अब तक सिर्फ एक मैच खेला है। अमेरिका के खिलाफ वह खाता नहीं खोल सके थे। वहीं खराब तबीयत के कारण नामीबिया के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाए। अब पाकिस्तान के खिलाफ वह वापसी करेंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ पुराना रिकॉर्ड
पिछले साल एशिया कप में अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ दो टी20 मुकाबलों में 31 और 74 रन बनाए थे। हालांकि फाइनल में वह सिर्फ 5 रन पर आउट हो गए थे। इसके बावजूद भारत ने दोनों मैच जीते थे।
टी20 में उभरता सितारा
अभिषेक शर्मा कम समय में भारतीय टी20 टीम के अहम खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अब तक 39 मैचों में 1297 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम दो शतक और आठ अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 135 रन है, जो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में बनाया था।
अब सभी की नजरें भारत और पाकिस्तान के मुकाबले पर हैं, जहां अभिषेक शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : भरे बाजार में सीसीएल कर्मी को मा’र दी गोली, मचा तहलका



