अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Motihari : मोतिहारी के पीपरा थाना में तैनात महिला दारोगा आभा कुमारी को घूस मांगने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसपी स्वर्ण प्रभात ने विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद की। जानकारी के मुताबिक, दारोगा आभा कुमारी ने एक केस में आरोपी से बेल दिलाने के एवज में ब्रांडेड कपड़े और नकद पैसे की मांग की थी। पीड़ित ने इस बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे व्हाट्सएप के जरिए पुलिस अधिकारियों को भेज दिया। ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पुलिस विभाग की छवि को गहरी ठेस पहुंची।
वायरल ऑडियो जिले के पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात तक भी पहुंची। SP ने मामले की जांच करवाई। जांच में पुष्टि हुई कि महिला दारोगा ने वास्तव में घूस की मांग की थी। इसके बाद एसपी ने तुरंत दारोगा को निलंबित करने का आदेश जारी किया। SP ने स्पष्ट किया कि विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को चेतावनी दी है कि यदि कोई भी अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला अब चर्चा का विषय बन गया है।
इसे भी पढ़ें : नीतीश कैबिनेट में 41 अहम एजेंडों को ग्रीन सिग्नल, कौन-कौन सा… जानें



