अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) की संचरण परियोजनाओं की गहन समीक्षा कंपनी के MD यानी प्रबंध निदेशक राहुल कुमार की अध्यक्षता में की गई। यह बैठक पटना स्थित मुख्यालय में आयोजित की गई, जिसमें मुख्यालय और फील्ड के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यान्वयन एजेंसियों के प्रतिनिधि और तकनीकी सलाहकार शामिल हुए।
बैठक में MD राहुल कुमार ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निर्माणाधीन ग्रिड उपकेंद्रों और ट्रांसमिशन लाइनों का नियमित रूप से स्थल निरीक्षण किया जाए। साथ ही, भूमि अधिग्रहण और राइट ऑफ वे (Right of Way) से जुड़ी समस्याओं को जल्द सुलझाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी बाधाएं परियोजनाओं की रफ्तार को धीमा करती हैं, जिन्हें समय रहते सुलझाना जरूरी है।
MD ने यह भी कहा कि सभी एजेंसियां गंभीरता से काम करें और परियोजनाएं समय पर पूरी करें। क्षेत्रीय भ्रमण नियमित किया जाए और हर चरण में पारदर्शिता रखी जाए।
बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट पेश की और मौजूदा समस्याओं के समाधान पर चर्चा की। श्री कुमार ने भरोसा दिलाया कि कंपनी की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा ताकि राज्य की बिजली व्यवस्था को और मजबूत और भरोसेमंद बनाया जा सके।
यह बैठक राज्य की ट्रांसमिशन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

इसे भी पढ़ें : वोटर लिस्ट में अपना नाम भी नहीं पढ़ पा रहे हैं तेजस्वी यादव, आरोप झूठे : सम्राट चौधरी



