अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस दावे को पूरी तरह से झूठा और भ्रामक बताया जिसमें तेजस्वी ने कहा था कि उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। सम्राट चौधरी ने कहा कि तेजस्वी यादव जनता को गुमराह कर रहे हैं और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। डिप्टी सीएम ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2025 के तहत 1 अगस्त को जारी प्रारंभिक मतदाता सूची में तेजस्वी यादव का नाम क्रम संख्या 416 पर स्पष्ट रूप से फोटो सहित दर्ज है। वह 181-दीघा विधानसभा क्षेत्र, मतदान केंद्र संख्या 204 (बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पुस्तकालय भवन) के मतदाता हैं।
सम्राट चौधरी ने कहा, “जब तेजस्वी यादव अपना नाम मतदाता सूची में पढ़कर नहीं खोज सकते तो उनकी योग्यता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उनका नाम ससम्मान उनके पिता के साथ दर्ज है। अब तो झूठ और भ्रम फैलाना बंद कीजिए।” उन्होंने आगे कहा कि तेजस्वी यादव का बयान न केवल तथ्यहीन है, बल्कि यह निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाने की सोची-समझी साजिश है।
डिप्टी सीएम ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे तथ्य आधारित संवाद करें और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर पूरा भरोसा है। इस पूरे विवाद में बीजेपी ने तेजस्वी यादव पर राजनीतिक भ्रम और डर फैलाने का आरोप लगाया है, जिसे बार-बार बोगस करार दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : तेजस्वी का बड़ा आरोप – “वोटर लिस्ट में नहीं है मेरा नाम”, EC ने तुरंत दिया कड़ा जवाब



