अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना में जक्कनपुर पुलिस ने बीते शाम को वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 55 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम गुजरात के तीन व्यक्तियों के पास से मिली है, जिनके खिलाफ हवाला लेन-देन का संदेह जताया जा रहा है। मामले की जांच अब आयकर विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम कर रही है।
जक्कनपुर थाने के थानेदान रितुराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने न्यू बाइपास के मीठापुर पुल के नीचे नियमित वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका। कार में सवार तीन व्यक्तियों के व्यवहार में घबराहट देख पुलिस ने तलाशी ली, जिसमें एक बैग से 55 लाख रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान दर्शन भाई, कन्नू भाई और नीलेश के तौर पर की गई है, जो गुजरात के मूल निवासी हैं और पटना के बोरिंग रोड इलाके में अस्थायी रूप से रह रहे थे।
पूछताछ में तीनों ने खुद को एक गुजराती टाइल्स कारोबारी के कर्मचारी बताया और दावा किया कि वे व्यापारिक ग्राहकों से पैसे इकट्ठा कर अपने मालिक तक पहुंचाते हैं। हालांकि, उनके पास रकम के स्रोत से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, रसीद या ग्राहक का विवरण नहीं मिला। उनके जवाब बार-बार बदलने से पुलिस का शक गहरा गया।
पुलिस ने तीनों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिनमें 10 और 20 रुपये के नोटों के सीरियल नंबर की तस्वीरें मिलीं। इससे हवाला ट्रांजैक्शन या अघोषित नकदी के लेन-देन की आशंका बलवती हुई है। मोबाइल डाटा की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को सूचित किया गया है, जो अब यह जांच कर रहा है कि यह रकम वैध व्यापारिक गतिविधि से जुड़ी है या किसी गैरकानूनी नेटवर्क का हिस्सा है।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में 15 अगस्त को नहीं होगा मेट्रो सेवा का उद्घाटन… जानें क्यों

