अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के गवर्नर संतोष गंगवार ने कहा कि “स्वर्णिम भारत एक्सपो-2025” केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि ज्ञान, नवाचार, कौशल विकास और आधुनिकता का जीवंत संगम है, जो युवाओं, शोधकर्ताओं, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं को एक मंच पर जोड़ता है। एक्सपो में कौशल विकास, कृषि, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, हस्तशिल्प, पर्यटन, ऊर्जा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र भारत के विकास की दिशा तय कर रहे हैं और युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोल रहे हैं। मौका था रांची के मशहूर सरला बिरला यूनिवर्सिटी में आयोजित मेगा प्रदर्शनी “स्वर्णिम भारत एक्सपो-2025” का। गवर्नर गंगवार ने यहां बतौर मुख्य अतिथि शिरकतकी।

प्रतिष्ठित संस्थानों की भागीदारी
गवर्नर ने इस बात की सराहना की कि एक्सपो में डीआरडीओ, इसरो, सीएसआईआर और आईसीएमआर जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों समेत कई विभाग और संगठन अपनी उपलब्धियां और नवाचार प्रस्तुत कर रहे हैं। इसे उन्होंने भारत की वैज्ञानिक और शोध क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन बताया।
भारत की उपलब्धियों पर गर्व
उन्होंने अंतरिक्ष अनुसंधान में भारत की सफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि चंद्रयान-3 और सूर्य मिशन आदित्य एल-1 ने पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। इस दौरान राज्यपाल ने भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के योगदान की भी सराहना की और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

आत्मनिर्भर भारत और “वोकल फॉर लोकल”
गवर्नर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत” के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक्सपो “वोकल फॉर लोकल” की भावना को मजबूत बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं और शिक्षण संस्थानों की बड़ी भूमिका होगी।
झारखंड की भूमिका
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड की धरती अपनी प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक धरोहर और मेहनती मानव संसाधन के दम पर राष्ट्र की प्रगति में निरंतर योगदान देती रही है और आगे भी देती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह एक्सपो युवाओं को रचनात्मकता, नवाचार और राष्ट्र-निर्माण की दिशा में प्रेरित करेगा। अंत में राज्यपाल ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और आगंतुकों को शुभकामनाएं देते हुए स्वर्णिम भारत और समृद्ध झारखंड के निर्माण के लिए निष्ठा और संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें : PM मोदी से मिले डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, झारखंड की ज्वलंत समस्याओं पर की चर्चा

