अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण धुर्वा डैम ओवरफ्लो होने लगा है, जिससे आसपास के इलाकों में खतरे की आशंका बढ़ गई है। धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगरनाथपुर मंदिर भी इस प्राकृतिक आपदा से अछूता नहीं रहा। मंदिर परिसर में कई जगहों पर दरारें पड़ गई हैं। मुख्य मंदिर तक जाने वाली सड़क पर गहरी दरारें देखी गई हैं, वहीं मंदिर की सीढ़ियों में लगी रेलिंग धंस गई है और हिलने लगी है। कुछ रेलिंग तो जमीन में समा गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार बारिश और डैम से बढ़ते जलस्तर के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
जगरनाथ मंदिर न्याय समिति के प्रथम सेवक एवं बड़कागढ़ स्टेट के उत्तराधिकारी ठाकुर सुधांशु नाथ शहदेव ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मंदिर परिसर का त्वरित निरीक्षण करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क व सीढ़ियों की मरम्मत तुरंत होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि शनिवार, रविवार, मंगलवार, गुरुवार, एकादशी और पूर्णिमा के दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं स्थानीय लोग
स्थानीय लोग लगातार बदलते मौसम और डैम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही राहत और मरम्मत कार्य शुरू किए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और सुचारू रूप से हो सके।
इसे भी पढ़ें : कुख्यात मयंक सिंह को लेकर अजरबैजान से रांची पहुंची ATS, अब आगे क्या… जानें

