अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Deoghar : देवघर के सुभाष चौक स्थित निजी नर्सिंग होम साईं में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही और जानबूझकर हत्या करने तक का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल में न तो कोई चिकित्सक मिला और न ही स्टाफ मौजूद था। जानकारी के मुताबिक, जसीडीह थाना क्षेत्र के पुनासी तेतरिया गांव निवासी खुर्शीद आलम ने अपनी पत्नी रवीना खातून को रविवार को प्रसव के लिए साईं राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। भर्ती के समय मरीज की स्थिति सामान्य बताई जा रही थी। मृतका के पति खुर्शीद आलम ने आरोप लगाया कि भर्ती के कुछ ही घंटे बाद चिकित्सकों ने चार यूनिट ब्लड की मांग की। उन्होंने तुरंत ब्लड की व्यवस्था भी कर दी। लेकिन देर रात अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि मरीज की हालत गंभीर है और उसे आईसीयू सुविधा वाले त्रिदेव हॉस्पिटल ले जाना होगा। परिजनों ने महिला को त्रिदेव हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां भी महिला की मौत की पुष्टि हुई।
परिजन जब दोबारा शव को लेकर साईं राम हॉस्पिटल लौटे तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। अस्पताल पूरी तरह खाली था। न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही कोई स्टाफ। सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि प्रसव के दौरान जानबूझकर लापरवाही की गई, जिससे महिला की जान चली गई। परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : थानेदार से लेकर SP-IG तक के बदल गए मोबाइल नंबर… देखें लिस्ट



