अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Araria : जमीन का एक टुकड़ा जी का जंजाल बन गया। एक भाई को ही भाई का जानी दुश्मन बना दिया। इल्जाम है कि बड़े भाई ने अपने सगे छोटे भाई की हत्या कर दी। अपने बेटों और घर के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर फरसा से वारकर छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया। दिल दहलाने वाली यह वारदात बिहार के अररिया के नरपतगंज थाना क्षेत्र के फरही पंचायत के जोगीपुर वार्ड संख्या-12से सामने आयी है। वारदात को बीती शाम अंजाम दिया गया।
साइकिल लगाने को लेकर शुरु हुआ लफड़ा
मृतक की शिनाख्त विशेंदर मंडल (पिता स्व. महावीर मंडल) के तौर पर की गयी है। परिजनों के अनुसार विशेंदर मंडल और मुन्ना उर्फ मुनेश्वर मंडल के बीच जमीन को लेकर पहले से लफड़ा चल रहा था। शुक्रवार की शाम साइकिल लगाने को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते बात बहुत बढ़ गयी और मारधाड़ शुरु हो गया। बड़े भाई मुन्ना उर्फ मुनेश्वर मंडल ने अपने बेटों और अन्य परिजनों के साथ मिलकर विशेंदर पर हमला बोल दिया। इल्जाम है कि हमलावरों ने पहले लाठी-डंडे से पीटा और फिर भाला घोंपने के साथ धारदार फरसा से ताबड़तोड़ वार किए। विशेंदर बेतरह जख्मी हो गए। खून से लथपथ हाल में परिजन उन्हें फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप- महिला और बच्चों को भी नहीं छोड़ा
मृतक की बेटी ज्योति कुमारी भी इस हमले में जख्मी हुई है। उसने बताया कि उसके चाचा और भाइयों सहित कई लोगों ने घर में घुसकर पूरे परिवार को मारा-पीटा। मां और बच्चों को भी नहीं छोड़ा गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावर जान से मारने की नीयत से शरीर पर चढ़कर हमला कर रहे थे। मृतक किसान थे और उनके पांच बेटियां व एक बेटा है। परिवार का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर कई दिनों से तनाव चल रहा था।
एक संदेही हिरासत में, बाकी के लिए छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज SDPO मुकेश कुमार साहा और नरपतगंज थानेदार संजय कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। SDPO ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपेन मंडल नामक एक संदेही गुनहगार को हिरासत में लिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : राजधानी सहित 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी… जानें क्यों

