अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : दुर्गा पूजा को लेकर रांची जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन एक्टिव मोड में है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में DC मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में ADM लॉ एंड ऑर्डर सदर SDM, रांची नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।
अफसरों की छुट्टी पर रोक
DC मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि त्योहार आम जनता के लिए होते हैं, लेकिन सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी सामूहिक जिम्मेदारी और टीम वर्क के साथ काम करें और त्योहार के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को छुट्टी पर न जाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने साफ-साफ कहा कि “छुट्टी नहीं, जिम्मेदारी निभाइए”।
ट्रैफिक व्यवस्था
त्योहार के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। DC ने एसडीएम सदर को निर्देश दिया कि वे ट्रैफिक एसपी और नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक समन्वय स्थापित करें।
रांची नगर निगम को मिले निर्देश
- सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की कार्यशीलता सुनिश्चित करें।
- पूजा समितियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दें।
- पंडाल निर्माण के तय मानकों की जांच के लिए प्रशासनिक टीम द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाएगा।
अग्निशमन और बिजली विभाग
अग्निशमन विभाग को सभी पूजा पंडालों के आसपास फायर सेफ्टी गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक इंतजाम करने का आदेश दिया गया। विद्युत विभाग को जर्जर तार, ट्रांसफॉर्मर और खंभों की मरम्मत करने और पर्व के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखने का निर्देश मिला।
सिविल सर्जन को भी सख्त निर्देश
सिविल सर्जन को सभी बड़े पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में एम्बुलेंस, मेडिकल टीम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला और प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने को कहा गया।
प्रमुख पंडालों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति का निर्देश
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को सभी प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर शुद्ध पेयजल आपूर्ति और अस्थायी टैंकर की व्यवस्था करने का आदेश दिया गया।
निगरानी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग
त्योहार की तैयारी और आयोजन की निगरानी के लिए जिला प्रशासन, लाइन विभाग, पूजा समितियों और अन्य एजेंसियों को जोड़ते हुए विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी ग्रुप में दिए गए निर्देशों का समय पर अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी ताकि किसी भी अफवाह या आपात स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी त्योहार के दौरान पूरी कर्तव्यनिष्ठा से काम करें ताकि रांची के लोग शांति, सौहार्द और सुरक्षित माहौल में दुर्गा पूजा मना सकें।
इसे भी पढ़ें : CCL को नुकसान पहुंचाने वाले सात अपराधी अब सलाखों के पीछे, SP क्या बोले… देखें

