अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना में बुधवार रात एक बड़ा आपराधिक वारदात हुआ। जमीन कारोबारी और पूर्व राजद नेता राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना राजेंद्रनगर टर्मिनल के सामने मुन्नाचक रोड नंबर 17 पर रात करीब 10:30 बजे हुई। राजकुमार राय वैशाली जिले के राघोपुर मीरमपुर गांव के रहने वाले थे, लेकिन वे पटना के मुन्नाचक इलाके में मकान बनाकर रहते थे।
6 गोलियां मारकर की गई हत्या
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात वे गांव से कार से अपने पटना स्थित घर लौट रहे थे। ड्राइवर कार पार्क कर रहा था और इस दौरान राजकुमार पास की एक दुकान से सब्जी के लिए मसाला लेने गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद दो शूटरों ने उन पर हमला कर दिया। पहली गोली दुकान के फ्रीज में लगी, इसके बाद राजकुमार जान बचाने के लिए गली की ओर भागे, लेकिन शूटरों ने पीछा करते हुए उन पर कुल 6 गोलियां दागीं, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। उन्हें गंभीर हालत में PMCH ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकान से CCTV का DVR भी जब्त कर लिया गया है।
हत्या के पीछे जमीन विवाद का शक
राजकुमार राय जमीन के कारोबार से जुड़े थे और कई विवादित जमीन सौदों में उनका नाम सामने आया था। गांव वालों का कहना है कि उन्होंने कई लोगों से कर्ज भी ले रखा था। पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे जमीन के लेन-देन का मामला है।
चुनाव लड़ने की थी तैयारी
राजकुमार राय पहले राजद से जुड़े थे, लेकिन बाद में पार्टी से इस्तीफा देकर राघोपुर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उनकी हत्या को राजनीतिक साजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
सुपारी किलिंग की आशंका
पुलिस का कहना है कि हत्या पूरी योजना के तहत की गई। दोनों शूटर करीब एक घंटे से मौके पर उनका इंतजार कर रहे थे। उन्होंने अपनी बाइक दूर खड़ी की थी और पैदल ही घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद वे पैदल भागे और फिर बाइक से फरार हो गए। पुलिस को शक है कि हत्या में राजकुमार का कोई करीबी शामिल है, जिसे लाइनर बताया जा रहा है। उसकी पहचान कर ली गई है।
जांच तेज, तीन हिरासत में
हत्या के बाद पुलिस ने SIT गठित कर दी है और देर रात एक टीम राघोपुर गांव के लिए रवाना हुई। अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और CCTV फुटेज की जांच जारी है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और मृतक के घर पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें : चावल में पोषण की क्रांति, झारखंड में PATH की राज्य स्तरीय कार्यशाला

