अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Sanvad : भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को शपथ ग्रहण की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। संसद भवन परिसर में हुए इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
धनखड़ के लिए भी यह क्षण खास रहा क्योंकि इस्तीफे के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से 21 जुलाई को पद छोड़ा था। हालांकि, राधाकृष्णन की जीत पर वह पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुभकामनाएं दे चुके थे।
चुनाव परिणाम की बात करें तो सीपी राधाकृष्णन ने विपक्ष के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को हराया। इस मुकाबले में राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि रेड्डी को 300 मत प्राप्त हुए। इस बड़ी जीत के साथ राधाकृष्णन ने संसद के उच्च सदन में अपनी मजबूत शुरुआत दर्ज कराई है।
With all your blessings and wishes , I am blessed and honoured to be sworn in as the 15th Vice President of India.
Jai Hind ! pic.twitter.com/14ACsjTV4t
— CP Radhakrishnan (@CPRGuv) September 12, 2025
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नए उपराष्ट्रपति आज दोपहर 12:30 बजे राज्यसभा के नेताओं से बैठक करेंगे। यह बैठक उनके कार्यकाल की दिशा तय करने और सदन में सहयोग की नई रूपरेखा बनाने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सीपी राधाकृष्णन लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह दो बार सांसद रह चुके हैं और भाजपा संगठन में भी उन्होंने अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। अब उपराष्ट्रपति के तौर पर उनसे उम्मीद है कि वह राज्यसभा की कार्यवाही को और अधिक सुचारू, संतुलित और सार्थक बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
देशभर में इस शपथ ग्रहण को लेकर चर्चा रही। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राधाकृष्णन अपनी सादगी और अनुभव के बल पर इस संवैधानिक पद को नई ऊंचाई देंगे।
इसे भी पढ़ें : बड़ा खुलासा : रांची से धराया अशहर दानिश था आतंकियों का ‘CEO’

