अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के भगतपाड़ा बाल विद्यापीठ विद्यालय के सामने खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी (नं० JH04K 8656) अचानक गायब हो गई। 14 सितंबर को चोरी की लिखित शिकायत उसी रोज पीड़ित प्रसंजीत मरांडी ने पाकुड़ नगर थाना में दर्ज कराई। पुलिस के लिए यह एक चुनौती थी क्योंकि मामला शहर के व्यस्त इलाके का था। इसी बीच पुलिस को रात में खबर मिली कि तीन युवक चोरी की गई स्कूटी के साथ केकेएम कॉलेज क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पाकुड़ पुलिस कप्तान निधि द्विवेदी ने SDPO के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की और पूरे इलाके में गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। करीब रात 12:30 बजे ईशाकपुर रोड पर पुलिस ने तीनों संदेही गुहनगारों को स्कूटी सहित पकड़ लिया। गिरफ्तार लोगों के नाम शुभम प्रसाद (22 वर्ष), रोनी शेख (23 वर्ष) और बिट्टू शेख उर्फ जहांगीर शेख (28 वर्ष) बताये गये। शुभम बंगाल के बीरभूम का रहने वाला है। वहीं, बिट्टू और रोनी पाकुड़ के अलग-अलग इलाके में रहते हैं।
कबूल किया गुनाह
पुलिस के शिकंजे में आये तीनों संदेही लड़कों ने कबूल किया कि स्कूटी उन्होंने ही भगतपाड़ा बाल विद्यापीठ विद्यालय के सामने से चोरी की थी। स्कूटी का सत्यापन करने पर यह वही वाहन निकला जिसकी शिकायत कुछ घंटे पहले ही दर्ज की गई थी।
सराहनीय रही इनकी भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में नगर थानेदार बबलू कुमार, एसआई अभिषेक कुमार, मिथुन रजक और एएसआई राजीव कुमार राय की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : चलती बाइक पर मंडराया मौ’त का साया, सीट के नीचे निकला करैत सांप… देखें वीडियो

