अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कुम्हरार सीट पर बड़ी सियासी हलचल देखने को मिली है। लंबे समय से इस सीट से सक्रिय रहे वरिष्ठ नेता अरुण सिन्हा ने इस बार चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने यह घोषणा सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश के माध्यम से की।
अरुण सिन्हा ने लिखा, “इस बार मैं विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के रूप में हिस्सा नहीं लूंगा, लेकिन संगठन के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहूंगा। पिछले 25 वर्षों में जनता ने जो भरोसा और स्नेह दिया, उसके लिए मैं सदैव आभारी रहूंगा।”
उनके इस फैसले ने सिर्फ समर्थकों को नहीं, बल्कि राजनीतिक विश्लेषकों को भी चौंका दिया है। माना जा रहा है कि इस बार उन्हें एनडीए की ओर से टिकट नहीं मिला, जिस वजह से उन्होंने पहले ही अपनी दावेदारी वापस ले ली। हालांकि, उन्होंने पार्टी या किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया। उल्टा, अपने संदेश में उन्होंने यह साफ किया कि वह कार्यकर्ताओं और संगठन की भलाई के लिए काम करते रहेंगे।
अब जब अरुण सिन्हा चुनाव मैदान से हट गए हैं, तो एनडीए की ओर से कुम्हरार सीट पर किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। जल्द ही प्रत्याशियों की अंतिम सूची आने की संभावना है, जिससे साफ होगा कि पार्टी की अगली रणनीति क्या होगी।
Also Read : जनसुराज पार्टी आज जारी करेगी दूसरी लिस्ट, 100 नामों का हो सकता है ऐलान

