अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की सियासत में CM चेहरे को लेकर एक बार फिर हलचल मच गई है। गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान के बाद अब चिराग पासवान भी उनके समर्थन में उतर आए हैं। वहीं, कांग्रेस ने चिराग पासवान के बयान का वीडियो शेयर करते हुए दावा किया है कि नीतीश कुमार अब CM नहीं होंगे।
कांग्रेस द्वारा जारी इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर सियासी तापमान बढ़ा दिया है।
कांग्रेस ने वायरल किया चिराग का वीडियो
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से चिराग पासवान का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “पीएम मोदी के चिराग ने एलान किया कि नीतीश कुमार अब सीएम नहीं होंगे।”
हालांकि वीडियो में चिराग पासवान ने ऐसा कोई प्रत्यक्ष बयान नहीं दिया है। उन्होंने सिर्फ यह कहा कि CM का चयन चुनाव के बाद विधायक दल के नेता तय करेंगे।
चिराग पासवान बोले – शाह ने कही सामान्य प्रक्रिया की बात
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने कोई असामान्य बात नहीं कही।
उन्होंने कहा, “हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन हर चुनाव के बाद विधायक दल का नेता तय करना एक सामान्य और संवैधानिक प्रक्रिया है। एनडीए पाँच दलों का गठबंधन है, और चुनाव के बाद सभी दलों के विधायक मिलकर मुख्यमंत्री चुनेंगे।”
अमित शाह ने क्या कहा था
एक टीवी इंटरव्यू में गृह मंत्री अमित शाह से सवाल पूछा गया कि अगर बिहार में एनडीए जीतता है तो क्या नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे?
इस पर शाह ने कहा, “मैं कौन होता हूं किसी को मुख्यमंत्री बनाने वाला? चुनाव के बाद विधायक दल बैठकर अपना नेता तय करेगा।”
हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रहा है और उन पर भाजपा व जनता दोनों को भरोसा है।
इसे भी पढ़ें : गजब! हाथी पर सवार होकर पहुंचे नामांकन करने… जानें कौन

