अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के दूधवल गांव में शुक्रवार सुबह करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बहू और एक गाय घायल हो गए। हादसा गुरुवार रात की तेज हवा और बारिश के कारण खेत में गिरे नंगे एलटी तार से हुआ। सुबह जब 46 वर्षीय रूखसाना बीबी अपनी गाय को खेत में चराने ले गईं, तभी गाय उस गिरे हुए तार के संपर्क में आ गई। करंट लगते ही गाय जोर-जोर से रंभाने लगी। उसे बचाने की कोशिश में रूखसाना बीबी खुद करंट की चपेट में आ गईं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं।
ससुर ने जान की बाजी लगाकर बहू को बचाया
रूखसाना की चीख सुनकर 60 वर्षीय मंसूर अंसारी तुरंत मौके पर पहुंचे और हिम्मत दिखाते हुए बहू को तार से अलग करने की कोशिश की। इस दौरान वे खुद करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही मंसूर अंसारी की मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल रूखसाना बीबी का इलाज जारी है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गांव में मातम, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिवार के लोग सदमे में हैं।
इसे भी पढ़ें : आयुक्त अंजनी मिश्र की सख्ती : राजस्व पर फोकस, खनन पर कार्रवाई

