अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में साइक्लोन ‘मोंथा’ का असर अब पूरे जोर पर है। मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस प्राकृतिक आपदा से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने की आशंका है। प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने और राहत टीमों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पटना में रातभर झमाझम बारिश
राजधानी पटना में गुरुवार देर रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को भी रुक-रुककर बारिश जारी रहने की संभावना है।
24 जिलों में तूफानी हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि अररिया, किशनगंज, मुंगेर, बांका और सुपौल में बहुत भारी वर्षा हो सकती है। वहीं भागलपुर, जमुई, दरभंगा और मधुबनी में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।
सड़कें जलमग्न, बिजली गुल, लोग घरों में कैद
लगातार बारिश से कई जिलों में सड़कें नदियों जैसी बन चुकी हैं। यातायात बाधित है और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
चुनाव प्रचार पर भी असर
बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार पर बारिश ने ब्रेक लगा दिया है। कई जनसभाएं रद्द हुई हैं, जबकि बक्सर में निजी स्कूलों को बंद किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सड़क मार्ग से सफर कर रहे हैं, वहीं तेजस्वी यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनता से संवाद किया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की लालगंज सभा भी बारिश से प्रभावित रही, फिर भी समर्थक घुटनों तक पानी में खड़े होकर नारे लगाते रहे।
कब थमेगी बारिश?
मौसम विभाग ने बताया कि 2 नवंबर (रविवार) से आसमान साफ होना शुरू होगा। इसके बाद तापमान में गिरावट के साथ ठंड की शुरुआत होगी। तब तक सभी जिलों को सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : थम गई मासूम सीमा की सांसें, गांव में गूंजा सिर्फ सन्नाटा

