अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के मोकामा में 30 अक्टूबर को हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना पुलिस ने जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी ने कहा कि अगर प्रशासन ने यह कार्रवाई पहले की होती, तो स्थिति बेहतर होती।
दुलारचंद हत्याकां’ड : बाहुबली अनंत सिंह आधी रात गिरफ्तार#AnantSingh #dularchand #mokama #BiharElection2025 #BiharNews pic.twitter.com/KA8zni7O2O
— News Samvad (@newssamvaad) November 2, 2025
पीयूष प्रियदर्शी का बयान
मीडिया से बातचीत में पीयूष प्रियदर्शी ने कहा, “यह एक अच्छा कदम है, लेकिन अगर प्रशासन पहले कार्रवाई करता तो और अच्छा होता। आज भी अनंत सिंह 50 गाड़ियों के काफिले के साथ चुनाव प्रचार में निकले थे।” उन्होंने कहा कि FIR दर्ज होने के बाद भी देर से हुई गिरफ्तारी ने सवाल खड़े किए हैं, हालांकि अब पुलिस की कार्रवाई उनके परिवार के लिए राहत की बात है।
झड़प में गई थी दुलारचंद की जान
पटना पुलिस के SSP कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि 30 अक्टूबर को मोकामा में दो राजनीतिक उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान हुई पत्थरबाजी में कई लोग घायल हुए और 75 वर्षीय दुलारचंद यादव की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अनंत सिंह बने मुख्य आरोपी
SSP ने बताया कि घटना के समय अनंत सिंह मौके पर मौजूद थे। सबूतों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर उन्हें मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अनंत सिंह के साथ मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी गिरफ्तार किया है। तीनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मृतक दुलारचंद यादव का भी पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
जांच जारी
SSP शर्मा ने बताया कि मृतक के पैर में गोली लगी थी, जिससे उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली के प्रवेश और निकास के निशान का उल्लेख है, लेकिन गोली अभी तक बरामद नहीं हुई है। इस मामले में CID ने भी जांच शुरू कर दी है और कई अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी चल रही है।
प्रशासन ने कसे शिकंजे
पटना के जिला दंडाधिकारी (डीएम) डॉ. थियागराजन एस.एम. ने बताया कि प्रशासन ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है। मोकामा विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी लाइसेंसी हथियार जमा कराने के आदेश दिए गए हैं और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50 से अधिक चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। साथ ही केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) की तैनाती भी की गई है। अवैध हथियारों की जब्ती के लिए छापेमारी लगातार जारी है।
इसे भी पढ़ें : रात के सन्नाटे में रेस हुई DSP की टीम और धरा गये ‘मौसा जी’ के तीन ‘भतीजे’

