अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश में मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। राज्य में कुल 12.55 करोड़ मतदाता दर्ज किए गए हैं। यह सूची विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया के बाद सामने आई है।
2.89 करोड़ नाम ड्राफ्ट सूची से हटे
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि पहले चरण में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। यह कुल मतदाताओं का लगभग 18 प्रतिशत है।
दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख
जिन मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है, वे 6 फरवरी 2026 तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए फॉर्म 6 भरकर जमा करना होगा। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को जारी की जाएगी।
दावे आपत्तियां बिल्कुल मुफ्त
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है।
वेबसाइट से ऐसे देखें अपना नाम
मतदाता अपना नाम चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र और बूथ का चयन करना होगा। इसके बाद ड्राफ्ट सूची डाउनलोड की जा सकती है।
शहरी क्षेत्रों में लगाए जाएंगे विशेष कैंप
शहरी इलाकों में कम सहयोग मिलने के कारण चुनाव आयोग विशेष कैंप लगाने की योजना बना रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
कौन भर सकता है फॉर्म
जो लोग 1 जनवरी 2008 से पहले जन्मे हैं, वे फॉर्म भर सकते हैं। इसके अलावा जो मतदाता 1 अक्टूबर से पात्र हो रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं।
नाम हटने के मुख्य कारण
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 46.23 लाख मतदाता मृत पाए गए। 2.17 करोड़ मतदाता स्थानांतरित हो चुके थे। 25.47 लाख नाम एक से अधिक जगह दर्ज पाए गए। इसी कारण कुल 2.89 करोड़ नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए।
पहले कितने थे मतदाता
27 अक्टूबर 2025 से पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू हुई थी। उस समय राज्य में 15 करोड़ 30 हजार 92 मतदाता दर्ज थे। घर घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाए गए थे।
इसे भी पढ़ें : दीदी बाड़ी से सड़क तक, लिट्टीपाड़ा में मनरेगा कार्यों की हुई सख्त जांच



