अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड इन दिनों भीषण ठंड और शीतलहर की चपेट में है। गुरुवार को राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ने वाला रहा। कुछ जगहों पर पारा शिमला और जम्मू जैसे ठंडे शहरों से भी नीचे चला गया। रांची जिले के मैकलुस्कीगंज में लिटिल स्टार अकादमी स्कूल के पास तापमान -1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गोर्डन गेस्ट हाउस में यह -2 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह घास पर ओस की बूंदें बर्फ की तरह जम गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में कंपकंपाती ठंड महसूस हुई।
कई जिलों में पारा 4 डिग्री से नीचे
मौसम विभाग ने ठंड और शीतलहर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद रांची जिला प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में केजी से 12वीं तक की कक्षाएं 9 और 10 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। हालांकि, जहां पहले से परीक्षाएं चल रही हैं, वहां परीक्षा हो सकेगी। गुरुवार को राज्य के चार जिलों में तापमान 4 डिग्री से नीचे रहा। हजारीबाग में 2.9 डिग्री, खूंटी में 3.2 डिग्री, मेदिनीनगर में 3.4 डिग्री और लोहरदगा में 3.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रांची के कांके इलाके में 6.4 डिग्री रहा। हवा की रफ्तार कम होने से ठंड और ज्यादा लग रही है।
शनिवार तक कड़ाके की ठंड, फिर…
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी शुक्रवार और शनिवार को राज्य के 12 जिलों में शीतलहर चल सकती है। इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, लातेहार, हजारीबाग, चतरा, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, गुमला, खूंटी और सिमडेगा शामिल हैं। शनिवार तक ठंड बनी रहेगी, उसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और साफ आसमान के कारण रात का तापमान तेजी से गिरा है। आने वाले दो दिनों तक लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें : कोर्ट परिसर से फरार हत्यारे धराये, 24 घंटे के भीतर SIT ने दबोचा



