अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Betiya : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने आज यानी 16 जनवरी को पश्चिम चंपारण के बेतिया से अपनी समृद्धि यात्रा की शुरुआत की। बेतिया के बड़ा रमना मैदान में आयोजित जनसभा को उन्होंने करीब 34 मिनट तक संबोधित किया। इस दौरान विकास योजनाओं से लेकर कानून व्यवस्था और विपक्ष पर हमले तक कई अहम बातें सामने आईं।
सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर लगेगी रोक
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब बिहार के सरकारी डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं कर सकेंगे। इसके लिए राज्य सरकार नई नीति लाने जा रही है। नीतीश कुमार ने कहा कि इससे सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल पाएगा।
2005 से पहले और बाद के बिहार की तुलना
नीतीश कुमार ने 2005 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय हालात बेहद खराब थे। लोग शाम के बाद घर से बाहर निकलने से डरते थे। समाज में विवाद, सांप्रदायिक झगड़े और अपराध आम बात थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हुआ और कानून का राज स्थापित हुआ।
बेतिया को 182 करोड़ की विकास योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बेतिया जिले के लिए 182 करोड़ रुपये की 161 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विकास कार्यों को जमीन पर उतार रही है। समृद्धि यात्रा के दौरान दोनों डिप्टी मुख्यमंत्री भी उनके साथ मौजूद रहे।
समृद्धि यात्रा के दौरान राजनीतिक हलचल
समृद्धि यात्रा के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए चंपारण में माले के युवा नेता फरहान राजा को गिरफ्तार किया गया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री बेतिया से पटना लौट गए। तय कार्यक्रम के अनुसार वे शनिवार को मोतिहारी जाएंगे।
समृद्धि यात्रा के दौरान पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित रमना मैदान में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी का संबोधन। @NitishKumar @dmbettiah #SamriddhiYatra2026 #BiharProgress #CMNitishKumar #समृद्धि_यात्रा_2026 pic.twitter.com/MHUJnJHvEX
— IPRD Bihar (@IPRDBihar) January 16, 2026
CM नीतीश के भाषण की 5 बड़ी बातें
एक करोड़ रोजगार का लक्ष्य
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 2020 में 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार का वादा किया गया था। 10 लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं और 40 से 50 लाख लोगों को रोजगार मिला है। अब अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है।
महिलाओं और जीविका दीदियों पर जोर
सीएम ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण, पुलिस और सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं की संख्या अब 1 करोड़ 40 लाख तक पहुंच चुकी है।
कब्रिस्तान और मंदिरों की घेराबंदी
नीतीश कुमार ने कहा कि 2006 से कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई और 2016 में 60 साल से पुराने मंदिरों की भी घेराबंदी कराई गई ताकि किसी तरह का विवाद न हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी समुदायों के लिए समान रूप से काम किया है।
बिहार में कानून का राज
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 से राज्य में कानून का राज है। पहले हत्या, लूट और अपहरण आम थे, लेकिन अब स्थिति बदली है और विकास पर लगातार काम हो रहा है।
पीएम मोदी की तारीफ
नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार से पूरा सहयोग मिल रहा है। सड़क, पुल और अन्य परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
उद्योग और निवेश की झलक
कुमारबाग में उद्योग विभाग की ओर से करीब तीन दर्जन स्टॉल लगाए गए थे। स्टार्टअप जोन सहित कई औद्योगिक स्टॉलों के माध्यम से जिले की औद्योगिक संभावनाओं और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित किया गया।
इसे भी पढ़ें : 53 जेलों में लगेंगे 9073 नए CCTV, नीतीश कैबिनेट के 43 अहम फैसले… जानें



