अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर हो रही राजनीति को पीड़ादायक बताया है। उन्होंने साफ कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष सहित सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे राजेंद्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान-2 यानी रिम्स-2 के निर्माण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है।
रिम्स शासी निकाय की अहम बैठक
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि रांची स्थित रिम्स में शासी निकाय की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस रणनीति पर चर्चा की गई।
रिम्स में बढ़ रहा मरीजों का दबाव
डॉ. अंसारी ने कहा कि रिम्स में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में रोगी प्रवाह प्रबंधन को और प्रभावी बनाना जरूरी है, ताकि इलाज के दौरान किसी भी मरीज को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बढ़ा है। यही कारण है कि रिम्स में अब पहले से कहीं ज्यादा मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
बेहतर इलाज के लिए नई पहल
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य हर मरीज को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। इसके लिए नई तकनीकों को अपनाया जा रहा है, डॉक्टरों की बहाली हो रही है और पैथोलॉजी लैब को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मैनपावर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मरीजों को सम्मानजनक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
रिम्स-2 पर राजनीति नहीं, जनहित जरूरी
रिम्स-2 को लेकर उठ रहे सवालों पर डॉ. अंसारी ने स्पष्ट कहा कि उनका कोई निजी स्वार्थ नहीं है। न किसी की जमीन पर नजर है और न कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा। उन्होंने विपक्ष के नेताओं से आग्रह किया कि रिम्स-2 के निर्माण में सहयोग करें। उनका कहना था कि उनका एकमात्र उद्देश्य यह है कि पैसों की कमी के कारण किसी मरीज का इलाज न रुके।
दूसरे राज्यों में इलाज की मजबूरी
स्वास्थ्य मंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि झारखंड के कई मरीज गंभीर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं। वहां इलाज पर भारी खर्च होता है और कई बार जान भी नहीं बच पाती। उन्होंने कहा कि कई परिवारों को अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार भी दूसरे राज्यों में करना पड़ता है, जो बेहद दुखद स्थिति है।
सभी दलों से एकजुट होने की अपील
डॉ. इरफान अंसारी ने सभी नेताओं से हाथ जोड़कर अपील की कि रिम्स-2 के निर्माण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह कदम लाखों लोगों की जान बचाने और राज्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने में मददगार होगा। अंत में उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसे मानवीय विषय को राजनीति से ऊपर रखकर सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : 12 साल की मासूम के साथ दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार

