अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में इन दिनों मौसम ने सचमुच डबल अटैक कर दिया है। सुबह घर से बाहर निकलते ही घना कोहरा और हल्की ठंड लोगों का स्वागत कर रही है, तो दोपहर होते-होते तेज और चुभती धूप हाल बेहाल कर दे रही है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को दिन में दो बार कपड़े बदलने पड़ रहे हैं – सुबह स्वेटर की जरूरत और दोपहर में पसीने से राहत की तलाश। अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही दोहरा मिजाज लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करता रहेगा।
सुबह की ठंड और कोहरे ने बढ़ाई मुश्किल
मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले सात दिनों तक सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। खासकर हाईवे और गांव की सड़कों पर विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है। कई जगहों पर दृश्यता 100 मीटर तक गिरने का अनुमान है।
ऐसे में वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज रफ्तार से बचें, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। सुबह ऑफिस या स्कूल जाने वालों को भी थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी।
दोपहर में चढ़ेगा पारा, बढ़ेगी गर्मी
सुबह की ठंड के बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, धूप तेज होती जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यानी दोपहर में गर्मी और पसीना दोनों महसूस होंगे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दिनभर खुद को हाइड्रेटेड रखें। पर्याप्त पानी पिएं और ज्यादा देर तक सीधी धूप में रहने से बचें।
ठंडे और गर्म जिलों के बीच फर्क
राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान का अलग मिजाज देखने को मिल रहा है।
- गुमला जैसे ठंडे इलाकों में न्यूनतम तापमान अब 10 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है।
- देवघर, दुमका, गढ़वा और लातेहार में सुबह का तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
- वहीं दक्षिणी जिलों जैसे रांची, खूंटी, हजारीबाग, जमशेदपुर और सरायकेला में दिन का अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें : लाइसेंस नहीं, सफाई नहीं… फिर भी बिक्री! मीट दुकानों पर कसा शिकंजा

