अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : अगर आप मीट या चिकन खरीदते वक्त दुकान की सफाई और लाइसेंस पर ध्यान नहीं देते, तो ये खबर आपके लिए जरूरी है। रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने चित्तरपुर और कोठार इलाके में ऐसी दुकानों पर सख्त कार्रवाई की है, जो बिना लाइसेंस के और बेहद गंदे हालात में मीट–चिकन बेच रही थीं। यह कार्रवाई सिविल सर्जन सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रामगढ़ के निर्देश पर की गई।
बिना लाइसेंस धड़ल्ले से चल रही थीं दुकानें
जांच के दौरान सामने आया कि ज्यादातर मीट और चिकन दुकानें भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन लिए बिना ही चल रही थीं। इतना ही नहीं, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत जरूरी साफ-सफाई के नियमों की भी खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
दुकानों में गंदगी, बदबू और लापरवाही
टीम ने जब दुकानों का निरीक्षण किया तो हालात काफी खराब मिले।
- फर्श और कटिंग एरिया पर गंदगी
- मीट रखने की सही व्यवस्था नहीं
- आसपास अस्वच्छ माहौल
- मक्खियां और बदबू
इन हालात में खुलेआम मीट और चिकन बेचा जा रहा था, जो सीधे उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ है।
तीन दुकानों पर जुर्माना, कई को सुधार नोटिस
खाद्य सुरक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन दुकानों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना ठोका।
जुर्माना जिन पर लगाया गया, वे हैं –
- न्यू महतो झटका मटन शॉप (चित्तरपुर)
- मेहता झटका मीट दुकान (चित्तरपुर)
- तौफीक अंसारी की दुकान (कोठार चौक)
इसके अलावा कई दुकानों को साफ-सफाई और नियम सुधारने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
इन दुकानों को मिला सुधार का नोटिस
- न्यू महतो झटका मटन शॉप
- मेहता झटका मटन दुकान
- लालू झटका मटन दुकान
- जय मां काली झटका मटन दुकान
- अनिल मुर्गा दुकान (चित्तरपुर)
- राजेश चिकन शॉप (कोठार)
- देवानंद मटन शॉप (जेल मोड़, कोठार)
अधिकारियों की दो टूक चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ कहा है कि अब बिना लाइसेंस और गंदगी में दुकान चलाने वालों पर सख्ती बढ़ेगी।
दुकानदारों को निर्देश दिया गया है कि
- तुरंत वैध एफएसएसएआई लाइसेंस लें
- दुकान और आसपास साफ-सफाई रखें
- मीट और चिकन का सुरक्षित भंडारण करें
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आगे भी जांच जारी रहेगी और लापरवाही मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम में कौन-कौन रहे शामिल
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, रामनाथ प्रसाद, लुकेश रवानी के साथ रजरप्पा प्रोजेक्ट थाना का गश्ती दल भी मौजूद था।
जनता से अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि
- सिर्फ लाइसेंसधारी दुकानों से ही मीट–चिकन खरीदें
- साफ-सफाई और गुणवत्ता जरूर देखें
- कहीं गड़बड़ी दिखे तो तुरंत विभाग को सूचना दें
ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके और लोगों की सेहत सुरक्षित रह सके।
इसे भी पढ़ें : अलमीरा खुली, यादें बिखरीं : शादी से लौटे परिवार को लगा बड़ा सदमा

