अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिले के SSP पीयूष पांडेय ने एक साथ 17 थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार कई थानों के प्रभारी बदल दिए गए हैं और कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दिया गया है। इस फेरबदल के बाद कई प्रमुख थानों में नए चेहरे देखने को मिलेंगे। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
साकची और सीतारामडेरा में बदले प्रभारी
सूची के मुताबिक साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा को सीतारामडेरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं निरंजन कुमार को सीतारामडेरा से हटाकर बर्मामाइंस थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उधर बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को साकची थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
सिदगोड़ा और टेल्को में भी बदलाव
सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार को हटाकर जमशेदपुर कोर्ट का सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। वहीं साकची सीसीआर में तैनात फैज़ अहमद को सिदगोड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को साकची सीसीआर भेजा गया है, जबकि जादूगोड़ा सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद को टेल्को थाना प्रभारी बनाया गया है।
कई अधिकारियों को मिली सर्किल इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी
बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। घाटशिला थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह को मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं मुसाबनी के सर्किल इंस्पेक्टर उमेश कुमार ठाकुर को बागबेड़ा थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा अजय कुमार ठाकुर को पटमदा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है।
घाटशिला, बोड़ाम और जादूगोड़ा में नए प्रभारी
जमशेदपुर कोर्ट के सुरक्षा प्रभारी राजेंद्र मुंडा को घाटशिला का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। नीरज कुमार को बोड़ाम का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। ईश्वर दयाल मुंडा को जादूगोड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दो थाना प्रभारी लाइन हाजिर
इस फेरबदल के दौरान बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार और जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद
SSP पीयूश पांडेय का कहना है कि जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए यह बदलाव किया गया है। नए थाना प्रभारियों को जल्द ही अपने-अपने क्षेत्रों में काम संभालने का निर्देश दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : ALERT : राजधानी के इन इलाकों में आज 6 घंटे गायब रहेगी बिजली



