अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में सुरक्षा गार्ड बिरसा मुंडा हत्याकांड के संदेही गुनहगारों को महज 12 घंटे के भातर दबोचने के बाद शनिवार को रांची एसएसपी राकेश रंजन जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। एसएसपी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया और मंदिर परिसर एवं इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान सिटी एसपी पारस राणा, हटिया डीएसपी पीके मिश्रा और जगन्नाथपुर थानेदार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की और मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
सुरक्षा को लेकर SSP दिखे सख्त
एसएसपी राकेश रंजन ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों का जायजा लेते हुए साफ कहा कि जगन्नाथ मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मंदिर परिसर के भीतर और आसपास सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए मजबूत निगरानी व्यवस्था जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत पकड़ा जा सके।
कंट्रोल रूम बनाने का भी निर्देश
एसएसपी ने मंदिर परिसर में स्थायी कंट्रोल रूम बनाने का भी निर्देश दिया। उनका कहना है कि कंट्रोल रूम बनने से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और बेहतर तरीके से हो सकेगी। पुलिस और मंदिर प्रबंधन के बीच भी समन्वय मजबूत होगा। इसके अलावा संबंधित थाना को लगातार पेट्रोलिंग करने, खासकर रात के समय विशेष चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अब मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतेगी।
आज तीन बजे होगा हत्याकांड का खुलासा
जगन्नाथ मंदिर में सुरक्षा गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और 12 घंटे के भीतर संदेही गुनहगारों को दबोच लिया। अब इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा आज दोपहर तीन बजे रांची पुलिस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए किया जाएगा। एसएसपी राकेश रंजन खुद इस हत्याकांड से जुड़ी पूरी जानकारी मीडिया के सामने रखेंगे।
इसे भी पढ़ें : ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड का म’र्डर, CCTV में नकाबपोश कैद… देखें वीडियो



