अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के ग्वालपाड़ा स्थित निमतल्ला के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर देसी कट्टे से फायरिंग की घटना सामने आई। अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबरा गए और घरों व गलियों की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बाजू में बारूद लगने से कर्मचारी घायल
घटना में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी मिथुन कुमार रजक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गोली सीधे उन्हें नहीं लगी, लेकिन फायरिंग के दौरान बारूद के छींटे उनके बाजू में लग गए, जिससे उन्हें चोट आई। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और बड़ा हादसा टल गया।
शोर-शराबे को लेकर पहले से था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस फाइनेंस कंपनी में यह घटना हुई, वहां दिनभर और देर रात तक काफी शोर-शराबा होता था। इससे आसपास रहने वाले लोग लंबे समय से परेशान थे। इसको लेकर पहले भी कई बार आपत्ति जताई जा चुकी थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर शुक्रवार को फिर विवाद हुआ और मामला अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते कहासुनी झड़प में बदल गई।
पाकुड़ के ग्वालपाड़ा निमतल्ला में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। देसी कट्टे से गोली चलाई गई, बारूद लगने से कर्मचारी मिथुन कुमार रजक घायल हो गए। आरोपी CCTV में कैद, पुलिस छापेमारी में जुटी।#Pakur #Jharkhand #CrimeNews #BreakingNews #NewsSamvad pic.twitter.com/i0Yr4UlgOl
— News Samvad (@newssamvaad) April 25, 2026
पड़ोसी युवक ने तान दिया देसी कट्टा
आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले शिबू राउत नामक युवक ने गुस्से में आकर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी मिथुन कुमार रजक पर देसी कट्टा तान दिया और हवा में गोली चला दी। हालांकि गोली सीधे किसी को नहीं लगी, लेकिन बारूद के असर से मिथुन घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक निर्मल मंडल ने बताया कि घटना कैसे शुरू हुई, इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं है, लेकिन अचानक विवाद बढ़ने के बाद गोली चलने की बात सामने आई। उन्होंने बताया कि आरोपी शिबू राउत की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि हवा में फायरिंग की बात सामने आई है। फिलहाल थाना में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फायरिंग करने वाले की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना को लेकर पूरे मोहल्ले में चर्चा बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : भगवान जगन्नाथ के दरबार में SSP ने टेका मत्था, सुरक्षा बढ़ाने के दिये निर्देश



