अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस अब और सख्त होने जा रही है। जिले के एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में साफ कर दिया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने, फरार अपराधियों को पकड़ने और संगठित अपराधी गिरोहों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित इस बैठक में पतरातू के एसडीपीओ, मुख्यालय डीएसपी, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश
बैठक में सबसे पहले विभिन्न थानों में लंबित मामलों की समीक्षा की गई। एसपी ने कहा कि पुराने मामलों को लटकाकर नहीं रखा जा सकता। हर थाना प्रभारी यह सुनिश्चित करे कि मामलों का तेजी से निष्पादन हो। उन्होंने विशेष रूप से बलात्कार और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने को कहा। निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों की जांच 60 दिनों के भीतर पूरी कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
जेल से बाहर आए अपराधियों पर रहेगी नजर
एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जेल से रिहा होकर बाहर आए अपराधियों का सत्यापन किया जाए। उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाए और यदि किसी की गतिविधि संदिग्ध लगे तो समय रहते कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा संगठित अपराधी गिरोहों की नई सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। पुलिस यह पता लगाएगी कि जिले में कौन-कौन से गिरोह सक्रिय हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जा सकती है।
फरार अपराधियों और वारंटियों की तलाश तेज होगी
बैठक में गैर तामिला वारंट, स्थायी वारंट और फरार अपराधियों की समीक्षा भी की गई। एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाकर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने थानेदारों से कहा कि वारंटियों और फरार आरोपियों की अद्यतन सूची तैयार करें और नियमित छापेमारी अभियान चलाएं।
चेन और मोबाइल छिनतई के मामलों पर चिंता
पिछले चार महीनों में जिले में हुई चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई की घटनाओं की भी समीक्षा की गई। एसपी ने ऐसे मामलों के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संपत्ति से जुड़े अपराधों पर नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। चोरी, लूट और छिनतई की घटनाओं को रोकने के लिए गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
डायल 112 पर 10 मिनट में पहुंचना होगा
जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर भी बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि डायल 112 पर शिकायत मिलने के बाद संबंधित पुलिस टीम अधिकतम 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोगों का भरोसा तभी बढ़ेगा जब पुलिस समय पर मदद के लिए पहुंचेगी।
पासपोर्ट सत्यापन में देरी नहीं चलेगी
बैठक में पासपोर्ट सत्यापन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सभी थानेदारों को निर्देश दिया गया कि पांच दिनों के भीतर सत्यापन पूरा कर पोर्टल पर अपलोड करें। इसके अलावा चरित्र सत्यापन और सेवा सत्यापन से जुड़े मामलों को भी समय पर निपटाने को कहा गया।
तकनीक से मजबूत होगी जांच
एसपी ने ई-साक्ष्य, सीसीटीएनएस, आईटी एक्ट और नेटग्रिड परियोजना के तहत उपलब्ध तकनीकी संसाधनों के उपयोग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर जांच को और प्रभावी बनाया जाए। सात साल या उससे अधिक सजा वाले मामलों में फोरेंसिक जांच को प्राथमिकता देने और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के निर्देश भी दिए गए।
हर थाना क्षेत्र में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
अपराध रोकने के लिए सीसीटीवी नेटवर्क मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां कैमरे लगवाने की दिशा में काम करने को कहा गया। एसपी का मानना है कि सीसीटीवी कैमरों से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में काफी मदद मिलती है।
अवैध खनन और शराब कारोबार पर होगी कार्रवाई
बैठक में अवैध खनन और अवैध शराब के कारोबार को लेकर भी चर्चा हुई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को लगातार छापेमारी करने और ऐसे धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुहर्रम को लेकर अभी से तैयारी शुरू
आने वाले मुहर्रम पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों की पहचान करने, शांति समिति से संपर्क बनाए रखने और हर स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया।
एसपी का साफ संदेश
बैठक के अंत में एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई होगी, लंबित मामलों को तेजी से निपटाया जाएगा और जनता को बेहतर पुलिस सेवा देने पर पूरा फोकस रहेगा। जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को इसी दिशा में गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : केरल में बैठकर रची गई मांडर गैंगरे’प की साजिश! 8 संदेही गिरफ्तार

