अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधान परिषद की नौ सीटों पर होने वाले चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया खत्म हो गई। नामांकन के आखिरी दिन राजधानी पटना में राजनीतिक हलचल पूरे शबाब पर रही। सत्तारूढ़ NDA यानी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने सभी नौ उम्मीदवारों का नामांकन एक साथ दाखिल कराया। वहीं महागठबंधन की तरफ से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार सुनील कुमार सिंह ने भी अपना पर्चा भरकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया।
नामांकन में जुटे बड़े नेता
राजग उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान पटना में नेताओं का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। कार्यक्रम में बिहार सरकार और केंद्र सरकार के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई मंत्री, विधायक और गठबंधन दलों के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नेताओं की मौजूदगी से साफ संकेत देने की कोशिश की गई कि राजग इस चुनाव को काफी गंभीरता से ले रहा है और विधानसभा में अपने संख्याबल के भरोसे मजबूत स्थिति में है।

जदयू ने उतारे चार उम्मीदवार, उपचुनाव के लिए भी नामांकन
जनता दल यूनाइटेड ने विधान परिषद चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। पार्टी की ओर से मंत्री निशांत कुमार, भारती मेहता और शिवरानी देवी प्रजापति ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा विधानसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार ललन प्रसाद ने भी अपना नामांकन जमा किया। जदयू नेतृत्व का मानना है कि गठबंधन की एकजुटता और विधानसभा में बहुमत का फायदा चुनाव में देखने को मिलेगा।
भाजपा ने पवन सिंह समेत चार चेहरों पर लगाया दांव
भारतीय जनता पार्टी ने भी विधान परिषद चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। पार्टी की ओर से संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर, शीला पंडित और भोजपुरी फिल्मों के चर्चित अभिनेता से नेता बने पवन सिंह ने नामांकन दाखिल किया। पवन सिंह के चुनावी मैदान में उतरने को लेकर राजनीतिक गलियारों में खास चर्चा है। भाजपा ने उनके जरिए राजनीतिक और सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की है।
लोजपा (रामविलास) को भी मिला प्रतिनिधित्व
राजग की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से अशरफ अंसारी ने विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके नामांकन के साथ ही राजग ने सभी नौ सीटों पर अपने उम्मीदवारों का नामांकन पूरा कर लिया। गठबंधन के नेताओं ने दावा किया कि सभी सहयोगी दलों को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है और चुनाव में इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।
महागठबंधन की ओर से राजद ने उतारा उम्मीदवार
दूसरी तरफ महागठबंधन की ओर से राजद नेता सुनील कुमार सिंह ने नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन के बाद चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। राजद इस चुनाव को केवल सीटों की लड़ाई नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश देने का मौका मान रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विधानसभा में संख्या कम होने के बावजूद विपक्ष अपनी बात मजबूती से रखेगा।
अब जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पर नजर
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिर मतदान और मतगणना की तैयारियां शुरू होंगी।
इसे भी पढ़ें : बिहार का सबसे बड़ा कनेक्टिविटी कॉरिडोर लगभग तैयार, गांधी सेतु का कम होगा दबाव

