अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : अगर आप मतदाता हैं तो अगले एक महीने तक आपके घर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) आ सकते हैं। इसलिए उनके आने पर जरूरी जानकारी जरूर दें और फॉर्म समय पर भरकर जमा कर दें। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि 30 जून से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू हो रहा है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक वोटर लिस्ट से बाहर न रह जाए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। डीडीसी अरविंद कुमार लाल ने मीडिया को बताया कि यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाया जा रहा है और 29 जुलाई तक जारी रहेगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरा हुआ इन्यूमरेशन फॉर्म देंगे। यह फॉर्म दो प्रतियों में होगा। एक प्रति भरकर बीएलओ को वापस करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति रसीद के रूप में मतदाता अपने पास रखेंगे।
पहले से मैपिंग है तो दस्तावेज देने की जरूरत नहीं
डीडीसी ने बताया कि जिन मतदाताओं की पहले से मैपिंग हो चुकी है, उन्हें फॉर्म भरते समय किसी तरह का दस्तावेज जमा नहीं करना होगा। हालांकि जिन लोगों का रिकॉर्ड विभाग के उपलब्ध आंकड़ों से मेल नहीं खाएगा, उन्हें बाद में नोटिस देकर जरूरी दस्तावेज मांगे जाएंगे। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो लोग समय पर अपना फॉर्म जमा कर देंगे, उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। इसलिए किसी भी मतदाता को इस प्रक्रिया में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
अफवाहों से बचें, सही जानकारी ही दें
डीडीसी अरविंद कुमार लाल ने लोगों से अपील की कि मतदाता सूची को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर भरोसा न करें। किसी भी जानकारी के लिए केवल निर्वाचन आयोग या जिला प्रशासन के आधिकारिक स्रोतों पर ही विश्वास करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मतदाताओं की अब तक मैपिंग नहीं हुई है, वे बीएलओ के घर आने पर सही और पूरी जानकारी दें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हो सके। प्रशासन का कहना है कि इस अभियान में आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है, तभी जिले की मतदाता सूची पूरी तरह सही और अद्यतन बन सकेगी।
इसे भी पढ़ें : अब कोई नहीं कहेगा पराया… CM योगी ने बदली 106 परिवारों की किस्मत

