अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के शहरों की सूरत बदलने और उन्हें भविष्य की जरूरतों के हिसाब से चमकाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने अहमदाबाद की प्रतिष्ठित संस्था ‘सेंटर फॉर इनवायरमेंट प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी एडवाइजरी फाउंडेशन’ (सीएएफ) के साथ एक अहम समझौता किया है। इसके तहत विभाग में एक स्पेशल टेक्निकल सपोर्ट यूनिट बनाई जाएगी। समझौते के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा और प्रधान सचिव विनय कुमार खास तौर पर मौजूद रहे।
वैज्ञानिक और आधुनिक तरीके से बसेंगे नए शहर
समझौते पर नगर विकास विभाग के विशेष सचिव नवल किशोर चौधरी और सीएएफ के निदेशक दर्शन पारिख ने हस्ताक्षर किए। मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि इस तकनीकी सहयोग से बिहार में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के निर्माण को रफ्तार मिलेगी। अहमदाबाद की यह संस्था आधुनिक शहरी नियोजन, जमीन के सही इस्तेमाल, सड़कों के नेटवर्क, पानी-बिजली के इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरणीय स्थिरता के लिए अपनी तकनीकी विशेषज्ञता देगी। इससे आने वाले समय में लोगों को एक बेहतरीन, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिल सकेगा।

डेटा और रिसर्च के आधार पर तैयार होगी हर योजना
मंत्री नीतीश मिश्रा ने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकसित और समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए आधुनिक शहरी इलाकों का विकास बेहद जरूरी है। सीएएफ जैसी अनुभवी संस्था के जुड़ने से बिहार में शहरी नियोजन का काम हवा-हवाई नहीं, बल्कि डेटा और वैज्ञानिक रिसर्च के आधार पर होगा। उन्होंने बताया कि यह तकनीकी इकाई विभाग को दूरगामी रणनीति बनाने में मदद करेगी, जिससे नई टाउनशिप में विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, शानदार आधारभूत ढांचा और आम लोगों के लिए तमाम आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जा सकेंगी।
इसे भी पढ़ें : चारदीवारी से बाजार तक पहुंची बिहार की महिलाएं, बदली लाखों परिवारों की तकदीर

