अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Tirumala : भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुमला पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सफर अब और आसान तथा प्रदूषण मुक्त होने जा रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने मंदिर ट्रस्ट से किया अपना वादा निभाते हुए तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को 25 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसें भेंट की हैं। इन बसों के संचालन के लिए एक विशेष ईवी चार्जिंग स्टेशन भी तैयार किया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इन नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जून में किया था वादा, ब्रह्मोत्सव के मौके पर सौंपा तोहफा
अनंत अंबानी ने इसी साल जून में अपनी तिरुमला यात्रा के दौरान मंदिर प्रशासन को 25 ई-बसें देने की बात कही थी। करीब तीन महीने के भीतर ही रिलायंस फाउंडेशन ने यह वादा जमीन पर उतार दिया। यह सौगात ऐसे समय पर मिली है जब तिरुमला में प्रसिद्ध ब्रह्मोत्सव चल रहा है और देश-दुनिया से भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। इन बसों को चार्ज करने के लिए जरूरी तकनीकी ढांचा और चार्जिंग स्टेशन जियो-बीपी के सहयोग से तैयार किया गया है, ताकि बसों के संचालन में कोई रुकावट न आए।

प्रदूषण घटेगा और पहाड़ियों की हरियाली भी बचेगी
इस मौके पर अनंत अंबानी ने कहा कि तिरुमला आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाना सौभाग्य के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उनका मानना है कि ये नई बसें श्रद्धालुओं के सफर को आरामदायक बनाएंगी और तिरुमला की खूबसूरत पहाड़ियों की जैव-विविधता को सुरक्षित रखने में मदद करेंगी। इन इलेक्ट्रिक बसों के चलने से मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर डीजल-पेट्रोल वाहनों का दबाव घटेगा, जिससे पहाड़ियों की हवा साफ रहेगी और यात्रियों को शांत व सहज सफर का अनुभव मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : मिस्ड कॉल के कोडवर्ड से 5G की उड़ान तक… जियो ने हर हिंदुस्तानी को बना दिया डिजिटल राजा

