अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : लातेहार में बीते कुछ समय से लगातार हो रही चोरी और ताले टूटने की वारदातों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने लातेहार रेलवे स्टेशन से एक शातिर गिरोह के चार सदस्यों को रंगे हाथ धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चुराए गए सोने-चांदी के जेवरात, एक लाख सात हजार रुपये से ज्यादा की नकदी और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
दिन में फेरी लगाकर रेकी, रात होते ही ताला तोड़कर माल पार
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने काम करने का तरीका बताया तो पुलिस भी हैरान रह गई। ये सभी गुलगुलिया का भेष बनाकर गांव-गांव और मोहल्लों में घूमते थे। दिन के समय फेरी लगाने के बहाने ये ऐसे घरों की तलाश करते थे जिन पर ताला लटका होता था। घर चिन्हित करने के बाद रात के सन्नाटे में मौका पाकर ये ताला तोड़ते और अलमारी में रखे गहने-नकदी समेटकर निकल जाते थे। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद ये सीमावर्ती जिलों या बिहार जैसे पड़ोसी राज्यों में भाग जाते थे ताकि पुलिस की पकड़ में न आएं।

आधा दर्जन से अधिक मामलों में कबूला जुर्म, रोहतास से भी जुड़े तार
कड़ाई से पूछताछ करने पर गिरोह ने लातेहार थाना क्षेत्र के चन्दनडीह, बानपुर, मोंगर और करकट के अलावा चंदवा और बारियातु थाना क्षेत्र में हुई छह बड़ी चोरियों में अपना हाथ होने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों में बारियातु के शिव मोहल्ला निवासी शीतल कुमारी (18), मनीषा देवी (24) और बंटी कुमार उर्फ बड्डे (18) शामिल हैं। वहीं चौथा आरोपी मार्गो खेरवार (18) मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के डालमिया नगर का रहने वाला है, जो फिलहाल बारियातु में ही रह रहा था।
डेढ़ किलो चांदी समेत लाखों के जेवरात और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवर जब्त किए हैं, जिनमें चंद्रहार, लॉकेट, पहुंची और ब्रेसलेट शामिल हैं। इसके अलावा सोने की दो चेन, तीन मंगलसूत्र, मांगटीका, दो जीतिया, दो अंगूठी, लॉकेट, ढोलना और चार जोड़ी कान की बालियां भी बरामद की गई हैं। तलाशी के दौरान 1,07,130 रुपये नकद और सात मोबाइल भी मिले हैं। इस छापेमारी अभियान में लातेहार थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, सब इंस्पेक्टर राजा दिलावर, शशि कुमार, राहुल सिन्हा, तकनीकी शाखा के जवान और महिला पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इसे भी पढ़ें : किराना दुकान की आड़ में गंदा धंधा… बंगाल से जुड़े तार, 65 साल का बुजुर्ग गिरफ्तार

