अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के गंदे धंधे का नेटवर्क बेनकाब किया है। फतेहपुर गांव में एक बुजुर्ग अपनी दुकान की आड़ में लंबे समय से गांजा बेचने का गोरखधंधा चला रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी 65 वर्षीय मंजूर शेख को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 35 से 40 हजार रुपये आंकी जा रही है।
दुकान पर अचानक पहुंची पुलिस, तराजू और चिलम भी जब्त
एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फतेहपुर गांव में मंजूर शेख अपनी दुकान से खुलेआम गांजे की पुड़िया बेच रहा है। सूचना पुख्ता होने के बाद एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ की अगुवाई में एक टीम बनाई गई। इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल ने मंजूर शेख के घर और दुकान को घेरकर तलाशी शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी के होश उड़ गए। दुकान के अंदर से गांजे के पैकेट के अलावा नकद 2640 रुपये, एक लोहे का तराजू, चिलम, लाइटर, स्टील की कैंची और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली ढेर सारी पॉलिथीन बरामद हुई।

पश्चिम बंगाल से मंगवाता था खेप, छोटे तस्करों तक पहुंचाता था माल
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने मंजूर शेख से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने इस धंधे से जुड़े बड़े नेटवर्क का राज खोल दिया। उसने बताया कि वह यह माल पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भसाईपाईकर गांव के रहने वाले साहब शेख से मंगवाता था। बंगाल से गांजा लाने के बाद वह इसे पाकुड़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में फुटकर बेचने वालों को सप्लाई करता था। पुलिस अब बंगाल के सप्लायर साहब शेख की तलाश में जुट गई है।
थाने में केस दर्ज, सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए दबिश
मुफ्फसिल थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में कांड संख्या 132/26 दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गौरी शंकर प्रसाद, रविंद्र सिंह और सहायक अवर निरीक्षक यशवंत कुशवाहा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में नशे के अवैध कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : भट्ठी की तपिश में भूल गए थे सेहत, BFCL ने टटोली 70 कर्मियों की नब्ज

