अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग जिले में लगातार दोपहिया वाहन उड़ाने वाले एक सक्रिय गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पेलावल ओपी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर पुलिस टीम ने गिरोह के 7 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों से चोरी की 17 मोटरसाइकिल, एक टोटो और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
चड़वा डैम के पास घेराबंदी कर चार को दबोचा
जिले में बाइक चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि पुराना गिरोह फिर से सक्रिय होकर गाड़ियां उड़ा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, डीएसपी ज्ञान रंजन और सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने जब चड़वा डैम पुल के पास दबिश दी, तो वहां कुछ संदिग्ध युवक बाइकों के साथ खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन जवानों ने चारों तरफ से घेरकर चार आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा।


पूछताछ में उगले राज, 16 सितंबर की चोरी का भी खुलासा
थाने लाकर जब पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने गिरोह के बाकी साथियों के नाम बताए और कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि 16 सितंबर को चड़वा मैदान बाजार से उन्होंने ही सुपर स्प्लेंडर बाइक उड़ाई थी। इस मामले में कटकमदाग थाने में पहले से केस दर्ज था। पुलिस ने इन चारों की निशानदेही पर छापेमारी का दायरा बढ़ाया और गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
जंगल और घरों में छिपाकर रखी थीं गाड़ियां
पुलिस पूछताछ के बाद जब टीम ने आरोपियों के बताए ठिकानों पर दबिश दी, तो बड़े पैमाने पर चोरी के वाहन बरामद हुए। आरोपियों ने चोरी की गाड़ियां करमा, डांटो और आसपास के इलाकों में अपने घरों, गैराजों और जंगलों में छिपा रखी थीं। बरामद दोपहिया वाहनों में अपाचे, ग्लैमर, होंडा शाइन, स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस और पैशन प्रो समेत कई मॉडल शामिल हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गिरोह इन गाड़ियों को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कहां खपाने की तैयारी में था।
इसे भी पढ़ें : गुलगुलिया बनकर रेकी, फिर ताला तोड़कर माल पार, 4 गिरफ्तार

